पालीवाल पार्क तालाब में दर्दनाक हादसा, 80 वर्षीय बुजुर्ग की डूबने से मौत, पुलिस जांच में जुटी

आगरा। हरीपर्वत थाना क्षेत्र स्थित पालीवाल पार्क में सोमवार सुबह एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना सामने आई। रोज की तरह सुबह टहलने निकले 80 वर्षीय बुजुर्ग चरण सिंह की पार्क के तालाब में डूबने से मौत हो गई। घंटों बाद उनका शव तालाब से बाहर निकाला गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

Jan 5, 2026 - 17:54
 0
पालीवाल पार्क तालाब में दर्दनाक हादसा, 80 वर्षीय बुजुर्ग की डूबने से मौत, पुलिस जांच में जुटी
पालीवाल पार्क

आगरा। हरीपर्वत थाना क्षेत्र स्थित पालीवाल पार्क में सोमवार सुबह एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना सामने आई। रोज की तरह सुबह टहलने निकले 80 वर्षीय बुजुर्ग चरण सिंह की पार्क के तालाब में डूबने से मौत हो गई। घंटों बाद उनका शव तालाब से बाहर निकाला गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चरण सिंह सुबह पार्क पहुंचे थे। आशंका जताई जा रही है कि वह तालाब के किनारे मछलियों को दाना डाल रहे थे, इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह पानी में गिर पड़े। हालांकि कुछ लोगों द्वारा आत्महत्या की संभावना भी जताई जा रही है। वहीं परिजनों और स्थानीय लोगों के बीच गृह क्लेश को लेकर भी चर्चाएं हैं, लेकिन अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तालाब में तलाश शुरू कराई गई। कड़ी मशक्कत के बाद बुजुर्ग का शव पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं, हादसा, फिसलन और आत्महत्या को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और पार्क में मौजूद लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इस घटना के बाद पालीवाल पार्क में सुरक्षा व्यवस्था और तालाब के चारों ओर पर्याप्त बैरिकेडिंग न होने पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पार्क में सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।