बैंकों में हड़ताल से करोड़ों का लेनदेन ठप, एलआईसी और पोस्ट ऑफिस भी रहे बंद
आगरा। सरकारी बैंकों, पोस्ट ऑफिस और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के कर्मचारियों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का असर आगरा में व्यापक रूप से देखने को मिला। बुधवार को हड़ताल के कारण करोड़ों रुपये का बैंकिंग और बीमा लेन-देन ठप रहा, जिससे आम जनता को भारी असुविधा झेलनी पड़ी।
-आगरा में कर्मचारियों ने धरना देकर एनपीएस और एफडीआई का किया विरोध, लोग परेशान रहे
शहर के प्रमुख वाणिज्यिक केंद्र संजय प्लेस स्थित एलआईसी कार्यालय परिसर में कर्मचारियों ने अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ के आह्वान पर विरोध प्रदर्शन करते हुए धरना दिया।
पीएनबी और यूनियन बैंक पर लटका ताला
पंजाब नेशनल बैंक के कर्मचारियों ने शाखाओं पर ताला डालकर विरोध जताया, जिससे ग्राहकों को बैरंग लौटना पड़ा। यूनियन बैंक में कार्य के लिए पहुंचे ग्राहकों ने नाराजगी जताई और कहा कि हड़ताल की पूर्व सूचना नहीं दी गई थी, जिससे लोगों के जरूरी काम अटक गए। कई ग्राहक दूरदराज से आए थे और उन्हें बिना कोई कार्य कराए लौटना पड़ा।
इन मांगों को लेकर की हड़ताल
धरनास्थल पर एनपीएस (नेशनल पेंशन स्कीम) को हटाकर पुरानी पेंशन योजना (यूपीएस) को लागू करने, आउटसोर्सिंग भर्ती प्रणाली को खत्म करने, और श्रम संहिताओं में किए जा रहे बदलावों का विरोध किया गया।
एआईआईईए के मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा ने बताया कि आगरा मंडल के सभी बैंक, एलआईसी और पोस्ट ऑफिस कर्मचारी इस हड़ताल में शामिल हुए हैं। हमारी सबसे बड़ी आपत्ति बीमा क्षेत्र में 100 प्रतिशत एफडीआई को लेकर है, जो जनता की बचत को विदेशी हाथों में सौंपने जैसा है।
बीमा क्षेत्र में एफडीआई बड़ा खतरा
कर्मचारी नेता नरेंद्र झा ने कहा कि बीमा नियमों में किए जा रहे बदलाव सार्वजनिक क्षेत्र के बीमा कारोबार को नुकसान पहुंचा सकते हैं। उन्होंने मांग की कि जीवन बीमा और मेडिक्लेम पॉलिसियों पर लगने वाला जीएसटी वापस लिया जाए।
एलआईसी में वर्षों से नई भर्ती नहीं होने और पुराने कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने की दर बढ़ने के कारण कार्य का भार अत्यधिक बढ़ गया है। इससे संस्थान के विकास पर विपरीत असर पड़ रहा है।