बंगाल में टीएमसी नेता अनुब्रत मंडल के करीबी तुलू मंडल से जुड़े ठिकाने पर मिला खजाना, रिटायर्ड ड्राइवर के घर से 28.50 करोड़ कैश और 15 किलो सोना बरामद
कोलकाता/बीरभूम (पश्चिम बंगाल)। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तृणमूल कांग्रेस नेता अनुब्रत मंडल के करीबी तुलू मंडल से जुड़े ठिकाने पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नकदी और सोना बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 28.50 करोड़ रुपये नकद और लगभग 15 किलो सोना मिलने की जानकारी सामने आई है। इतनी बड़ी मात्रा में संपत्ति मिलने के बाद पुलिस और जांच एजेंसियां इसके स्रोत और संभावित लेन-देन की जांच में जुट गई हैं।
पुलिस की यह कार्रवाई बीरभूम क्षेत्र में चल रही अवैध बालू और खनन कारोबार से जुड़े नेटवर्क की जांच के दौरान की गई। जांच के दायरे में आए तुलू मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन से जुड़े ठिकानों पर तलाशी अभियान के तहत पुलिस ने तुलु मंडल के बहनोई मीनार मंडल के घर पर छापा मारा, जहां अधिकारियों को करोड़ों रुपये की नकदी और सोना मिला।
मीनार मंडल रिटायर्ड ड्राइवर है और वह बहुत साधारण से घर में रहता है। लोगों को जब मीनार मंडल के घर से कैश और सोना बरामद होने की जानकारी हुई तो सभी दंग रह गये, क्योंकि कोई सोच भी नहीं सकता था कि साधारण जीवन जीने वाले मीनार मंडल के घर पर इतना कैश और सोना हो सकता है।
चार अलमारियों में रखी मिली नकदी, सोने की भी हुई बरामदगी
छापेमारी के दौरान अधिकारियों को बड़ी मात्रा में नकदी मिली, जो चार अलमारियों में रखी हुई थी। नोटों की गिनती के बाद रकम करीब 28.50 करोड़ रुपये बताई गई। इसके अलावा लगभग 15 किलो सोना भी बरामद होने की जानकारी दी गई है। बरामद सोने की कीमत 21.50 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने चारों अलमारियों को खोलकर देखा तो उसमें नोटों से भरे 25 बैग देखकर आंखें फटी रह गईं। हालत यह थी कि बरामद नोटों को गिनने के लिए मंगाई मशीनों में से पांच मशीनें तो नोट गिनते-गिनते खराब हो गईं।
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में नकदी और सोना कहां से आया और क्या इसका संबंध किसी अवैध कारोबार या अन्य गतिविधियों से है।
अनुब्रत मंडल के करीबी बताए जाते हैं तुलू मंडल
तुलू मंडल का नाम बीरभूम की राजनीति और कारोबार से जुड़े मामलों में पहले भी सामने आता रहा है। उन्हें तृणमूल कांग्रेस नेता अनुब्रत मंडल का करीबी सहयोगी बताया जाता है। अनुब्रत मंडल का नाम पश्चिम बंगाल के चर्चित कथित पशु तस्करी मामले में भी सामने आया था, जिसकी जांच केंद्रीय जांच एजेंसियों द्वारा की गई थी।
बरामदगी के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज
बीरभूम में करोड़ों रुपये नकद और सोना मिलने के बाद राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। विपक्षी दलों ने इस मामले को लेकर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर सवाल उठाए हैं। वहीं जांच एजेंसियां बरामद संपत्ति के वास्तविक मालिकाना हक, आय के स्रोत और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हैं।
फिलहाल मामले में जांच जारी है और अधिकारियों की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।