शहादत को रक्तदान से नमनः चार साहिबज़ादों की स्मृति में सौ सिख युवाओं ने किया रक्तदान

गुरु गोबिंद सिंह जी के चार साहिबज़ादों और माता गुजरी जी की शहादत को समर्पित सिख यूथ वेलफेयर ऑर्गेनाइज़ेशन द्वारा रविवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मानव सेवा को श्रद्धांजलि का माध्यम बनाते हुए आयोजित इस शिविर में सिख संगत के साथ अन्य धर्मों के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।

Dec 21, 2025 - 22:36
 0
शहादत को रक्तदान से नमनः चार साहिबज़ादों की स्मृति में सौ सिख युवाओं ने किया रक्तदान
रविवार को 11वें शिविर में रक्तदान करते सिख युवक।

आगरा। सिख यूथ वेलफेयर ऑर्गेनाइज़ेशन द्वारा रविवार को कमिश्नर ऑफ़ पुलिस कार्यालय के पास स्थित 23 नंबर कोठी पर 11वां रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर हर वर्ष की तरह दिसंबर के अंतिम सप्ताह में गुरु गोबिंद सिंह जी के चार साहिबज़ादों और माता गुजरी जी की शहादत की स्मृति में लगाया गया। शिविर में 100 से अधिक रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।

इस अवसर पर सिख संगत सहित विभिन्न समुदायों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और रक्तदान कर श्रद्धांजलि अर्पित की। शिविर का आयोजन मानव सेवा ब्लड कैम्प के सहयोग से किया गया, जिसके अंतर्गत रक्तदाताओं को विशेष कार्ड भी प्रदान किए गए, ताकि भविष्य में आपात स्थिति में वे रक्त प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम में बाबा प्रीतम सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर अपना आशीर्वाद प्रदान किया और सिख यूथ वेलफेयर ऑर्गेनाइज़ेशन के सदस्यों की इस मानव सेवा के लिए सराहना की।

अतिथियों का स्वागत संगठन के अध्यक्ष परमजीत सिंह मक्कड़ द्वारा किया गया। जनरल सेक्रेटरी अरविंद पाल सिंह चावला ने कार्यक्रम का संचालन किया, जबकि मीडिया प्रभारी अमनप्रीत सिंह सोबती ने व्यवस्थाओं की देखरेख की।
रजिस्ट्रेशन काउंटर की जिम्मेदारी गुरप्रीत सिंह, परविंदर सिंह और त्रिलोचन सिंह ने संभाली। शिविर को सफल बनाने तथा लंगर सेवा में तजिंदर सिंह, गुरप्रीत अरोड़ा, परमीत छाबड़ा सहित अनेक सेवाभावी कार्यकर्ताओं ने योगदान दिया।

SP_Singh AURGURU Editor