पत्रकारिता के पुरोधा डॉ. हर्षदेव की स्मृति में 28 दिसंबर को श्रद्धांजलि सभा नागरी प्रचारिणी सभा में
आगरा। पत्रकारिता को दशकों तक दिशा, दृष्टि और पहचान देने वाले वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक डॉ. हर्षदेव की पुण्य स्मृति में रविवार, 28 दिसंबर को एक श्रद्धांजलि एवं शोक सभा का आयोजन किया जा रहा है। यह स्मृति सभा एमजी रोड स्थित नागरी प्रचारिणी सभा के मानस भवन में अपराह्न दो बजे से आयोजित की गई है।
वरिष्ठ पत्रकार डॉ. हर्षदेव का विगत 25 दिसंबर की सुबह निधन हो गया था। उनके निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई थी। उसी दिन उनका अंतिम संस्कार मल्ल का चबूतरा स्थित विद्युत शवदाह गृह में कर दिया गया था। डॉ. हर्षदेव ने अपने लंबे पत्रकारिता जीवन में निष्पक्ष, निर्भीक और जनपक्षधर पत्रकारिता को अपना मूल मंत्र बनाया और कई पीढ़ियों के पत्रकारों को मार्गदर्शन दिया।
आयोजकों ने पत्रकारिता जगत से जुड़े सभी साथियों, साहित्यप्रेमियों एवं शहर के प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर डॉ. हर्षदेव को श्रद्धांजलि अर्पित करें।