आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में हाई टेंशन विद्युत लाइन से आलू से भरी ट्रॉली बनी आग का गोला, पांच लोगों ने कूदकर बचाई जान!
आगरा। फतेहाबाद थाना क्षेत्र के फिरोजाबाद बाईपास स्थित कैलादेवी स्टोरेज के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आलू से लदी एक ट्रैक्टर ट्रॉली अचानक आग का गोला बन गई। कोल्ड स्टोरेज में आलू लेकर जा रही ट्रॉली विद्युत हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गई, जिससे चिंगारी उठी और देखते ही देखते ट्रॉली में भीषण आग लग गई।
हाई टेंशन लाइन से छू गई ट्रॊली, मचा कोहराम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रॉली ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन के संपर्क में आ गई। तार के टकराते ही तेज चिंगारी निकली और आलू के बोरे आग पकड़ते चले गए। कुछ ही पलों में पूरी ट्रॉली धू-धू कर जलने लगी। आग की वजह से बोरियों से आलू ट्रॊली से नीचे गिर रहे थे।
हादसे के वक्त ट्रैक्टर ट्रॉली में पांच लोग सवार थे। आग भड़कते ही सभी ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कूदकर अपनी जान बचाई। हालांकि इस दौरान एक मजदूर घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया।
150 बोरी आलू में लगी आग, भारी नुकसान
बताया जा रहा है कि ट्रॉली में करीब 150 बोरी आलू भरे हुए थे। आग लगने से कई बोरियां जलकर राख हो गईं, जिससे किसान और मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
आग लगते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलते ही थाना फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और विद्युत विभाग की लापरवाही की भी पड़ताल की जा रही है।