बाइक पर सवार परिवार को ट्रक ने टक्कर मारी, चार घायल
आगरा। थाना खेरागढ़ क्षेत्र में उटंगन नदी के ढलान पर एक भयानक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें एक ट्रक ने बाइक को चपेट में लेकर टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार दंपति और उनके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, ट्रक ने खेरागढ़-बसई रोड पर अनियंत्रित होकर बाइक को टक्कर मारी और फिर खाई में पलट गया। दुर्घटना में बाइक सवार जुगनू, उसकी पत्नी ज्योति और दो बेटे मोहित और रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटी भीड़ ने हादसे के शिकार हुए परिवार को संभाला।
पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों का इलाज चल रहा है। ट्रक की टक्कर से बाइक कई टुकड़ों में बंट गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।