ट्रम्प बोले- मैं अमेरिका से चुनावी धोखाखड़ी समाप्त कर रहा हूं, नया आदेश जारी
वाशिंगटन डीसी। अमेरिका ने अपनी चुनावी प्रक्रिया में बदलाव की तरफ कदम बढ़ा दिए हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने उस आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए हैं, जिससे अमेरिकी चुनाव प्रक्रिया में बड़ा बदलाव हो जाएगा। प्रेसिडेंट ट्रम्प ने इस आदेश पर हस्ताक्षर करते हुए कहा, चुनावी धोखाधड़ी, आपने यह शब्द सुना होगा। मैं इसे समाप्त करने जा रहा हूं।
प्रेसिडेंट ट्रम्प के इस नये आदेश से अमेरिकी राज्यों में हलचल देखी जा रही है। हालांकि ट्रम्प ने इस मामले में राज्यों से भी सहयोग की अपील की है जबकि कुछ राज्यों ने तो इसके खिलाफ अदालत में जाने की तैयारी शुरू कर दी है।
हालांकि ट्रम्प को राज्यों के संभावित विरोध का अंदेशा पहले से था, इसलिए उन्होंने आदेश में साफ कहा है कि जो राज्य चुनाव संबंधी नये नियमों को नहीं मानेंगे, उन्हें दी जाने वाली वित्तीय मदद में कटौती की जा सकती है।
अमेरिकी राष्ट्रपति के चुनाव प्रक्रिया संबंधी नये आदेश से अमेरिका में अब मतदाता के रूप में रजिस्ट्रेशन कराना पहले के मुकाबले थोड़ा कठिन हो जाएगा। अभी तक वोटर रजिस्ट्रेशन के लिए केवल पहचान प्रमाण पत्र जरूरी होता था जबकि अब बर्थ सर्टिफिकेट के साथ ही पासपोर्ट देखकर ही रजिस्ट्रेशन होगा।
नये आदेश के बाद पोस्ट बैलेट अब वोटिंग वाले दिन तक ही मान्य होंगे जबकि इससे पहले की व्यवस्था में राज्यों में मतदान वाले दिन के बाद भी डाक मतपत्रों की गिनती चलती रहती थी। ट्रम्प के नये आदेश में अब मतों की गिनती में क्यूआर कोड की निर्भरता खत्म कर दी जाएगी। अभी तक इसी प्रक्रिया से मतगणना होती थी।
सबसे अहम कदम यह उठाया गया है कि अभी तक चुनाव के दौरान विदेशी चंदा एनजीओ के जरिए लिया जा सकता था जबकि अब इस पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया जा रहा है।
राष्ट्रपति ट्रम्प ने इन बदलावों की वकालत करते हुए कहा कि भारत और ब्राजील समेत कई देश वोटिंग में बायोमीट्रिक का इस्तेमाल कर रहे हैं जबकि अमेरिका में अभी भी पुराना तरीका ही अपनाया जा रहा है।