ट्रंप बोले- अब जंग नहीं दोस्ती होगी, चीन के लिए भी खोला होर्मुज का रास्ता, ट्रंप बोले- जिनपिंग मुझे गले लगाएंगे
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वे चीन के लिए भी होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि ऐसा करने के लिए चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग उन्हें जोर से गले लगाएंगे। ट्रंप ने यह भी कहा है कि चीन ने उनसे वादा किया है कि वो ईरान को हथियार सप्लाई नहीं करेगा।
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन के लिए भी होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने की बात कही है। उन्होंने कहा कि चीन भी इस बात से खुश है कि मैं होर्मुज जलडमरूमध्य हमेशा के लिए खोल रहा हूं। उन्होंने दावा किया कि चीन इस बात से सहमत है कि वो ईरान को हथियार नहीं भेजेगा। ट्रंप ने यह भी कहा कि जब वे चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मिलेंगे तो वे उन्हें गले लगा लेंगे। उन्होंने कहा कि ये काम लड़ाई-झगड़े से बेहतर है, हालांकि उन्होंने चीन को चेतावनी भी दी और कहा कि अमेरिकी लड़ने में भी बहुत माहिर हैं, कहीं भी और कभी भी। ट्रंप का यह बयान उनके चीन दौरे से ठीक पहले आया है।
ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर लिखा,"चीन इस बात से बहुत खुश है कि मैं होर्मुज़ जलडमरूमध्य को हमेशा के लिए खोल रहा हूँ। मैं यह उनके लिए भी कर रहा हूँ—और पूरी दुनिया के लिए भी। ऐसी स्थिति दोबारा कभी नहीं आएगी। वे इस बात पर सहमत हो गए हैं कि वे ईरान को हथियार नहीं भेजेंगे। जब मैं कुछ हफ्तों में वहां पहुंचूंगा, तो राष्ट्रपति शी मुझे बहुत जोर से गले लगाएंगे। हम मिलकर बहुत समझदारी से और बहुत बढ़िया काम कर रहे हैं! क्या यह लड़ाई-झगड़े से कहीं बेहतर नहीं है? लेकिन याद रखना, अगर जरूरत पड़ी तो हम लड़ने में भी बहुत माहिर हैं—किसी और से कहीं ज़्यादा बेहतर!!!
ट्रंप 14-15 मई को चीन का दौरा करने वाले हैं। यह उनके दूसरे कार्यकाल की पहली चीन यात्रा होगी। ट्रंप मार्च में ही चीन जाने वाले थे, लेकिन ईरान युद्ध के कारण उनके दौरे को टाल दिया गया। इस आधिकारिक यात्रा में ट्रंप के साथ उनके बेटे एरिक ट्रंप और बहू लारा ट्रंप भी शामिल होंगी। माना जा रहा है कि ट्रंप इस यात्रा के दौरान अमेरिका-चीन संबंधों को मजबूत करने के अलावा अपने निजी व्यवसाय को भी आगे बढाने पर जोर देंगे।
ट्रंप ने चीन पर ईरान को हथियार देने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि चीन ने ईरान को एंटी-एयरक्राफ्ट मिसाइलें दी हैं। ट्रंप ने ईरान को हथियार सप्लाई करने पर चीन पर 50 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने की भी धमकी दी है। चीन ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह से मनगढ़ंत और आधारहीन बताया है। चीनी विदेश मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका इन आरोपों के आधार पर टैरिफ बढ़ाता है, तो चीन जवाबी कार्रवाई करेगा।