रूस में शक्तिशाली भूकंप के बाद सुनामी, अमेरिका, जापान तक असर
रूस के कामचटका प्रायद्वीप पर 8.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के बाद समंदर में सुनामी की लहरें उठी हैं। तटीय इलाकों में घर लहरों की चपेट में आए हैं। अमेरिका के हवाई और जापान में भी सुनामी का असर देखा गया है।
मास्को/ वाशिंगटन/ टोक्यो। रूस के कामचटका प्रायद्वीप में बुधवार को 8.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से धरती कांप उठी है। भूकंप के बाद समंदर में एक बड़ी सुनामी उठी है, जिसके चलते तटीय इलाकों से लोग बाहर निकलने पर मजबूर होना पड़ा है। कामचटका से लगे तटीय इलाके में पानी पहुंच गया है। तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं जिसमें तट पर डूबी इमारतें और जमीन पर भारी मात्रा में पानी भरा दिखाई दे रहा है। प्रशांत सुनामी केंद्र ने जापान और अमेरिका के हवाई के लिए भी सुनामी की चेतावनी जारी की है।
शंघाई से 2.82 लाख लोगों को निकाला गया
शंघाई के सरकारी मीडिया ने बुधवार को बताया कि तूफान के शहर की ओर बढ़ने और तेज बारिश और तेज हवाओं के साथ आने के कारण लगभग 283,000 लोगों को निकाला गया है। सरकारी प्रसारक सीसीटी ने बताया, कल रात से आज सुबह 11.00 बजे तक 282,000 लोगों को निकाला गया और उनके शरण स्थलों में भेजा गया।
इंसानों को बचाना प्राथमिकता- जापानी पीएम
सुनामी के संकट पर बात करते हुए जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा ने कहा है कि अधिकारी लगातार हालात पर नजर बचाए हुए हैं। राहत और बचाव की टीमें भी अलर्ट पर हैं। जापानी पीएम ने कहा कि किसी भी राहत बचाव कार्य में पहली प्राथमिकता इंसानों की जान बचाने की होगी। इशिबा ने नागरिकों से तटों से दूर रहने और ऊंचे इलाकों में जाने के लिए कहा है। जापान में सुनामी की वजह से अभी तक जानमाल के किसी नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।
जापान में 20 लाख लोगों को घर छोड़ने को कहा गया
सुनामी की वजह से जापान में करीब 20 लाख लोगों को घर छोड़कर सुरक्षित ठिकानों पर जाने के लिए कहा गया है। सुनामी से प्रभावित होक्काइडो से ऐसे वीडियो और फोटो सामने आए हैं, जिनमें लोगों को घरों की छत पर इकट्ठा होकर मदद की गुहार लगाते देखा जा सकता है। जापानी अधिकारियों ने लोगों से उत्तरी तटीय इलाके को खाली कर ऊंचे जगह पर चले जाने के लिए कहा है।
जापान में तबाही ला सकती हैं समंदर की लहरें
जापान के प्रशांत तट से सुनामी की लहरें टकराई हैं। प्रशांत तट के अलावा उत्तर में होक्काइडो से लेकर दक्षिण में वाकायामा प्रांत तक जापानी अफसरों ने लोगों से घर खाली करने के लिए कहा है। जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी ने कहा कि सुनामी की लहरें 3 मीटर तक ऊंची हैं, ऐसे में यह रिहायशी इलाके तक पहुंचने पर बड़ी तबाही का सबब बन सकती हैं।
हवाई की ओर बढ़ रही 6 फीट ऊंची लहर- गवर्नर
बीबीसी ने हवाई के गवर्नल जोश ग्रीन के हवाले से बताया कि जापान और हवाई के बीच मिडवे एटोल द्वीप से 6 फीट (1.8 मीटर) की ऊंचाई से एक लहर गुजरी है। उन्होंने बताया कि यह लहर के निचले स्तर से लेकर चरम स्तर तक की थी। ग्रीन ने आगे कहा कि 'हमें अभी भी एक बड़ी लहर की उम्मीद है।' वे स्थिति तब ही स्पष्ट करेंगे जब लगेगा कि पूरी तरह से सुरक्षा है।
पेरू में सुनामी की चेतावनी जारी
रूस के कामचटका में 8.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूपंक के बाद पेरू ने भी सुनामी की चेतावनी जारी की है। पेरू नौसेना के सुनामी चेतावनी केंद्र ने देश के तटीय क्षेत्रों में खतरे की चेतावनी देते हुए कहा है कि स्थिति पर कड़ी नजर रखी जाएगी। पेरू के भूभौतिकीय संस्थान के प्रमुख हर्नांडो तवेरा के अनुसार, बुधवार सुबह तक (स्थानीय समयानुसार) सुनामी की लहरें पेरू तक पहुंचने की उम्मीद है। उनकी ऊंचाई तीन मीटर से ज्यादा होने की संभावना नहीं है।
हवाई पर 10 फीट ऊंची लहरों का खतरा
अमेरिका के हवाई द्वीप समूह से 10 फीट ऊंची लहरें टकरा सकती हैं। होनोलूलू के मेयर ने निवासियों को ऊंचे स्थानों पर जाने को कहा है। वहीं, हवाई के गवर्नर ने लोगों से तटीय क्षेत्रों को तुरंत खाली करने का आग्रह किया है। गवर्नर जोश ग्रीन ने कहा, 'यह किसी एक समुद्र तट को नहीं, बल्कि पूरे द्वीप समूह को अपनी चपेट में ले लेगा।'
अलास्का के तट तक पहुंची सुनामी
रूस के कामचटका में आए भूकंप के बाद उठी सुनामी की लहरें अमेरिका के अलास्का तक पहुंच गई हैं। अलास्का में सुनामी चेतावनी केंद्र ने बताया कि अमचिटका और अदक समुदायों में एक फुट से भी कम ऊंची लहरें देखी गईं।
आइलैंड से सभी को निकाला गया
रूस के कुरील द्वीप समूह के मेयर ने बुधवार को कहा कि सुनामी के बाद वहां के सभी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। सुनामी के कारण कुरील में पानी आबादी वाले हिस्से में आ गया और इमारतें बह गईं। मेयर अलेक्जेंडर ओव्स्यानिकोव ने कहा, 'सभी को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गय है। पर्याप्त समय था, पूरा एक घंटा। सभी लोग सुनामी सुरक्षा क्षेत्र में हैं।'
रूस के कुरील द्वीपसमूह पर आपातकाल
रूस के सुदूर पूर्वी क्षेत्र कुरील द्वीप समूह में अधिकारियों ने सुनामी की लहरों के चलते आई बाढ़ और नुकसान के बाद आपातकाल की घोषणा की है। समाचार एजेंसी एएफपी ने सखालिन सरकार के हवाले से कहा, उत्तरी कुरील जिले में आपातकाल की घोषणा कर दी है, जहां आज भूकंप और सुनामी आई थी।
चीन के तट से टकरा सकती है सुनामी
चीन के सुनामी चेतावनी केंद्र ने बुधवार को कहा कि रूस के कामचटका प्रायद्वीप में 8.8 तीव्रता के भूकंप के बाद पूर्वी समुद्र तट के कुछ हिस्सों में 30 सेंटीमीटर से 1 मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं। सेंटर ने कहा कि नवीनतम चेतावनी और विश्लेषण परिणामों के आधार पर निर्धारित किया गया है कि भूकंप के चलते आई सुनामी से चीन के कुछ तटीय क्षेत्रों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
हवाई में लगा ट्रैफिक जाम
हवाई के ओआहू में लोग ऊंची जगहों पर जाने के लिए निकल पड़े, जिसके चलते यातायात जाम हो गया है। कई सोशल मीडिया अकाउंट्स ने ट्रैफिक जाम का वीडियो पोस्ट किया है। इस बीच लुआलुएली नेवल रोड से लाइमन रोड तक कोलेकोले दर्रे पर नागरिकों के लिए यातायात खुल गया है। निवासी इसे वैकल्पिक निकासी मार्ग के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं।
मेक्सिको में भी सुनामी को लेकर अलर्ट
रूस में भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी के बाद मेक्सिको ने लोगों को प्रशांत महासागर के तटों से दूर रहने की चेतावनी दी है। मेक्सिको के अधिकारियों ने प्रशांत महासागर के तटीय क्षेत्रों में लोगों की पहुंच रोकने के लिए सभी सरकारी स्तरों पर व्यापक कार्रवाई शुरू कर दी है।