आगरा के करकोली गोलीकांड में दो आरोपी गिरफ्तार, बहन को परेशान किये जाने पर की थी वारदात
आगरा। रंजिशन जान से मारने के इरादे से फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने राजस्थान के सिलावट (राजाखेड़ा) गांव से गिरफ्तार कर लिया। यह वही आरोपी हैं जिन्होंने 19 अक्टूबर को थाना मनसुखपुरा क्षेत्र में करकोली के पास अपने साथियों संग मिलकर तीन युवकों पर फायरिंग कर दी थी। इस वारदात में तीनों युवक घायल हुए थे।
डीसीपी पूर्वी जोन अभिषेक अग्रवाल ने सोमवार को घटना का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पवन पुत्र मनोहर एवं नितिन उर्फ नेत्रपाल पुत्र सिकंदर सिंह, दोनों निवासी सिलावट, राजाखेड़ा, के रूप में हुई है। इनके पास से एक 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उनकी बहन को प्रेम प्रसंग के नाम पर एक युवक द्वारा परेशान किया जा रहा था। इसी रंजिश में उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रेम सिंह, उसके दोस्त करन और अर्जुन पर फायरिंग कर दी। घटना में तीनों घायल हो गए थे।
घटना के बाद प्रेम सिंह के भाई हरेंद्र सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लगातार दबिशें दीं और मुखबिर की सूचना पर दोनों वांछित अभियुक्तों को चेकिंग के दौरान धर दबोचा।
डीसीपी ने बताया कि पकड़े गए दोनों अभियुक्तों ने वारदात में अपने अन्य साथियों मंगलू पुत्र भूरी सिंह, तपेंद्र पुत्र भल्ला, जनता पुत्र धनीराम समेत पांच-छह अन्य के शामिल होने की बात कबूल की है। पुलिस इन सभी फरार अभियुक्तों की तलाश में लगातार दबिशें दे रही है।
डीसीपी अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि फायरिंग जैसी घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पकड़े गए दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।