आगरा में दो ऑटो गैंगों का पर्दाफाश: सरगना समेत कई बदमाशों को लूटे सामान सहित दबोचा
आगरा। आगरा में सवारियों को ऑटो में बैठाकर उनका सामान चोरी और लूटपाट करने वाले दो अलग-अलग गिरोहों का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से मोबाइल फोन, नकदी, अवैध असलहे और घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद किए गए हैं।
थाना हरीपर्वत पुलिस ने गिरोह के चार सदस्य पकड़े
थाना हरीपर्वत पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ऑटो में सवारियों का सामान चुराने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। एसीपी अक्षय महादिक ने बताया कि ये शातिर अपराधी पहले ऑटो में सवारी बिठाते और रास्ते में मौका देखकर कीमती सामान पर हाथ साफ कर देते थे। पुलिस को चकमा देने के लिए यह गिरोह चोरी में प्रयुक्त ऑटो की छत बदल देता था और नंबर प्लेट पर पानी की बोतल लटका देता था, जिससे वाहन का पंजीकृत नंबर पढ़ा न जा सके।
गैंग का सरगना कमल जैन है, जबकि अन्य सदस्य शाहरुख, राजू और मजीद हैं। इनमें कमल जैन, शाहरुख और मजीद पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं, वहीं राजू पहली बार पकड़ा गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक तमंचा, 11 मोबाइल, कुछ नकदी और घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपियों से अन्य वारदातों का भी सुराग लगा रही है।
थाना सदर बाजार पुलिस ने पकड़े ऒटो गैंग के तीन अपराधी
थाना सदर बाजार पुलिस ने मात्र 24 घंटे में ऑटो गैंग का भंडाफोड़ कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। ये बदमाश ऑटो में सवारियों को बैठाकर अवैध असलहे के बल पर मोबाइल और रुपये लूटते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से 03 मोबाइल फोन, 300 रुपये नकद और एक इलेक्ट्रिक ऑटो बरामद किया है। साथ ही एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी जब्त किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही अन्य वारदातों का भी खुलासा होगा।