आगरा में रहस्यमयी हालात में मिलीं दो लाशें: रेलवे ट्रैक और नाले के किनारे फैली सनसनी, बाह और एत्मादुद्दौला क्षेत्र के मामले
आगरा। जनपद में एक के बाद एक संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी फैल गई। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में रेलवे ट्रैक और सड़क किनारे नाले में शव मिलने की घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और मौत के कारणों की जांच की जा रही है।
रेलवे ट्रैक किनारे महिला का शव, परिजनों में कोहराम
थाना बाह क्षेत्र के अंतर्गत होलीपुरा क्रॉसिंग के नजदीक आगरा-इटावा रेलवे लाइन किनारे एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। शनिवार को ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक के पास महिला को मृत अवस्था में देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के गांवों में सूचना देकर शव की शिनाख्त कराई। मृतका की पहचान मिथिलेश पत्नी जय किशन, निवासी केदारपुर बगिया, थाना बाह के रूप में हुई। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बाह भेज दिया। अचानक हुई मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नाले में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, कई दिन पुराना होने की आशंका

एत्मादुद्दौला क्षेत्र में नाले में अज्ञात का शव मिलने पर मौके पर जुटी भीड़।
दूसरी घटना थाना एत्मादुद्दौला क्षेत्र के रामबाग चौराहे के पास की है, जहां सड़क किनारे एक नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। पुलिस के अनुसार शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में सूचना देकर शिनाख्त के प्रयास कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मौत के कारणों की गहन जांच की जा रही है।