पूर्वांचल में पुलिस ने मुठभेड़ों में दो बदमाश मार गिराए, इनमें एक गौ तस्कर और दूसरा लुटेरा
लखनऊ। जौनपुर-कौशांबी। पूर्वी उत्तर प्रदेश की दो जिलों की रातें गोलियों की गूंज से थर्रा उठीं। जौनपुर में गौ तस्करों ने पुलिस पर पिकअप चढ़ा दी, जिससे एक सिपाही की जान चली गई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश ढेर हुआ, जबकि दो अन्य घायल हुए। उधर, कौशांबी में चार करोड़ का तांबा लूटने वाले कुख्यात बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। दोनों घटनाओं में पुलिस ने कानून के दुश्मनों को सबक सिखाया है।
जौनपुर: गौ तस्करों ने कुचला कांस्टेबल, जवाब में सलमान ढेर
जलालपुर थाना क्षेत्र के खुज्झी मोड़ पर गौ तस्करों ने पुलिस टीम पर पिकअप चढ़ा दी। इस हमले में कांस्टेबल दुर्गेश कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें वाराणसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना होटल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसके बाद पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए तस्करों का पीछा किया और करीब 25 किमी दूर सतमिश्रा गांव के पास मुठभेड़ में घेर लिया।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में बाइक सवार बदमाश सलमान (निवासी: मुथरापुर कोटवा, जौनपुर) मारा गया, जबकि उसके साथी नरेंद्र यादव (वाराणसी) और गोलू यादव (चंदौली) घायल हो गए।
कौशांबी: ड्राइवर की हत्या कर लूटा था 4 करोड़ का तांबा, मास्टरमाइंड ढेर
दूसरी बड़ी कार्रवाई कौशांबी जिले के खोखराज थाना क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने कुख्यात बदमाश संतोष उर्फ राजू (निवासी: खेतासराय, जौनपुर) को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। संतोष पर ट्रेलर ड्राइवर साबरमल मीणा (निवासी: अजमेर, राजस्थान) की हत्या कर चार करोड़ रुपये मूल्य का कॊपर लूटने का आरोप था।
पुलिस पहले ही संतोष को पकड़ चुकी थी। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद करने जंगल में गई थी, जहां उसने झाड़ियों में छुपाई पिस्तौल से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में संतोष को तीन गोलियां लगीं और वह मौके पर मारा गया। इस दौरान थाना प्रभारी चंद्रभूषण मौर्य और दरोगा मनीष बाल-बाल बच गए। पुलिस ने संतोष के पांच साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।