आगरा में दो चोरनी गिरफ्तार: पलक झपकते उड़ाती थीं गहने, भीड़ में बनाती थीं निशाना
आगरा। आगरा पुलिस ने गुरुवार को पिढौरा थाना क्षेत्र के राटौटी तिराहे से दो शातिर महिला चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। ये दोनों महिलाएं भीड़-भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं के गले से मंगलसूत्र और सोने की चेन को पलक झपकते ही उड़ाने में माहिर थीं। इनके पास से चोरी के आभूषण बरामद कर लिए गए हैं।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ी गई चोर महिलाएं
पुलिस को एक मुखबिर से जानकारी मिली थी कि दो संदिग्ध महिलाएं राटौटी तिराहे के पास सक्रिय हैं और चोरी की फिराक में घूम रही हैं। तत्काल कार्रवाई करते हुए पिढौरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने कई चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूली है।
भीड़ में करती थीं वार, पलक झपकते हो जाती थीं गायब
गिरफ्तार महिलाओं की खासियत थी कि ये भीड़भाड़ वाली जगहों को अपना टारगेट बनाती थीं, जहां महिलाएं खरीदारी या दर्शन आदि में व्यस्त होती थीं। ऐसे में ये पलक झपकते ही गले से सोने की चेन या मंगलसूत्र चोरी कर फरार हो जाती थीं। कई बार पीड़िता को तब पता चलता जब वे घर पहुंचती थीं। गिरफ्तार दोनों महिलाओं को पुलिस न्यायालय में पेश करने जा रही है।