फतेहाबाद में व्यापारी का बैग पार करने वाले दो अंतरराज्यीय चोर गिरफ्तार, 1.28 लाख नकद बरामद

आगरा। फतेहाबाद पुलिस और सर्विलांस टीम ने अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के दतिया जिले के रहने वाले हैं और हाल ही में फतेहाबाद में एक व्यापारी से रुपयों से भरा बैग चोरी कर ले गए थे।

Jul 8, 2025 - 19:31
 0
फतेहाबाद में व्यापारी का बैग पार करने वाले दो अंतरराज्यीय चोर गिरफ्तार, 1.28 लाख नकद बरामद
फतेहाबाद पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये चोर।

मध्य प्रदेश के दतिया निवासी हैं दोनों चोर, निगरानी में आए तो खुला राज़, व्यापारी की दुकान से उड़ाया था बैग

फतेहाबाद थाना क्षेत्र में लगभग एक माह पूर्व व्यापारी वीरू राठौर की दुकान से एक बैग चोरी हुआ था, जिसमें लगभग 4.45 लाख रुपये नकद और अन्य कीमती दस्तावेज थे। मामले की रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस जांच में जुट गई थी।

मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवकों को रोका। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम अनुज मोगिया पुत्र काललाल, जानू आदिवासी पुत्र जॉनी, निवासी जिला दतिया, मध्य प्रदेश बताया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

1.28 लाख रुपए नकद, बाइक और दस्तावेज बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.28 लाख रुपये नकद, चोरी की गई बाइक, व्यापारी का चेकबुक और अन्य सामान बरामद किया है। गिरफ्तार किए गए चोरों ने कबूल किया कि वे वारदात के इरादे से क्षेत्र में घूम रहे थे और व्यापारी का बैग देखकर उसे निशाना बनाया।

इंस्पेक्टर देवी प्रसाद तिवारी के अनुसार, यह संगठित चोरी गिरोह है, जिसके अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है। पुलिस जल्द ही इनके नेटवर्क को भी बेनकाब करेगी।

SP_Singh AURGURU Editor