सांसद राज कुमार चाहर की क्षेत्र को दो सौगातेंः आगरा के फतेहाबाद में यमुना पर मेहरा नाहरगंज पुल का रास्ता हुआ साफ, 82 करोड़ की लागत से बनेगा मेगा ब्रिज जो फतेहाबाद को सीधे टूंडला से जोड़ेगा, आगरा–फिरोजाबाद की दूरी होगी कम, खेरागढ़ क्षेत्र में उटंगन नदी पर भी 18 करोड़ से बनेगा नया पुल व पहुंच मार्ग, दोनों परियोजनाएं क्षेत्रीय विकास, आवागमन और अर्थव्यवस्था को देंगी नई रफ्तार

आगरा। आगरा और फिरोजाबाद जिलों के बीच संपर्क को नई मजबूती मिलने जा रही है। फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के फतेहाबाद और खेरागढ़ विधान सभा क्षेत्र में दो अत्यंत महत्वपूर्ण पुल परियोजनाओं को सांसद राज कुमार चाहर के प्रयासों से उत्तर प्रदेश सरकार से वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से न केवल क्षेत्रीय आवागमन सुगम होगा, बल्कि व्यापार, कृषि और ग्रामीण विकास को भी बड़ा लाभ मिलेगा।

Feb 23, 2026 - 18:15
Feb 23, 2026 - 18:19
 0
सांसद राज कुमार चाहर की क्षेत्र को दो सौगातेंः आगरा के फतेहाबाद में यमुना पर मेहरा नाहरगंज पुल का रास्ता हुआ साफ, 82 करोड़ की लागत से बनेगा मेगा ब्रिज जो फतेहाबाद को सीधे टूंडला से जोड़ेगा, आगरा–फिरोजाबाद की दूरी होगी कम, खेरागढ़ क्षेत्र में उटंगन नदी पर भी 18 करोड़ से बनेगा नया पुल व पहुंच मार्ग, दोनों परियोजनाएं क्षेत्रीय विकास, आवागमन और अर्थव्यवस्था को देंगी नई रफ्तार

सबसे अहम परियोजना के तहत फतेहाबाद के मेहरा नाहरगंज से टूंडला मार्ग को जोड़ने के लिए यमुना पर लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम द्वारा लगभग 82 करोड़ 23 लाख रुपये की लागत से पुल का निर्माण कराया जाएगा। यह पुल सीधे आगरा जिले को फिरोजाबाद जिले से जोड़ेगा, जिससे दोनों जिलों के बीच दूरी और यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी। इसके साथ ही औद्योगिक गतिविधियों, कृषि उपज की आवाजाही और दैनिक यातायात को नई गति मिलेगी।

सांसद राजकुमार चाहर ने बताया कि शासन से परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है और शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पुल वर्षों से लंबित मांग थी, जिसके पूरा होने से क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।

सांसद ने बताया कि इसके साथ ही विधानसभा खेरागढ़ के अंतर्गत ब्लॉक सैंया के गांव टोडूपुरा–जाजऊ मार्ग पर कछपुरा के मध्य पार्वती (उंटगन) नदी पर सेतु एवं पहुंच मार्ग निर्माण को भी उत्तर प्रदेश सरकार ने दीर्घ सेतु परियोजना के अंतर्गत स्वीकृति दी है। इस परियोजना पर 18 करोड़ 3 लाख रुपये की लागत आएगी। इस पुल के बनने से बरसात के मौसम में हजारों ग्रामीणों को आवागमन की गंभीर समस्याओं से राहत मिलेगी।

सांसद श्री चाहर के अनुसार, मेहरा नाहरगंज–टूंडला पुल का मामला केंद्र के स्तर पर अटका हुआ था। इसे लेकर उन्होंने हाल ही में केंद्रीय जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल से मुलाकात कर आवश्यक एनओसी जारी करने की मांग की थी। केंद्रीय मंत्री द्वारा इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया, जिसके बाद परियोजना का मार्ग प्रशस्त हो सका।

इन दोनों पुल परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए सांसद राजकुमार चाहर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे क्षेत्र के संतुलित और सतत विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

Top of Form

Bottom of Form

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor