आगरा के उद्योगों को राहत दिलाने को आगे आए दो मंत्री, चैंबर को लखनऊ में वार्ता का न्यौता

आगरा/ग्रेटर नोएडा। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की पूर्व बेला पर 24 सितम्बर को नेशनल चैम्बर ऒफ इंडस्ट्रीज एंड कॊमर्स का प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष संजय गोयल की अध्यक्षता में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री राकेश सचान और औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने आगरा की औद्योगिक समस्याओं से दोनों मंत्रियों को अवगत कराया और एक विस्तृत प्रतिवेदन सौंपा। आगरा में टीटीजेड की बंदिशों से बिगड़ती औद्योगिक स्थिति, स्पेशल इकॉनॉमिक जोन का दर्जा, इंजीनियरिंग उद्योग को ओडीओपी में सम्मिलित करने, लेदर पार्क और आईटी उद्योग की स्थापना जैसे मुद्दों को सामने रखा गया।

Sep 25, 2025 - 17:51
Sep 25, 2025 - 17:52
 0
आगरा के उद्योगों को राहत दिलाने को आगे आए दो मंत्री, चैंबर को लखनऊ में वार्ता का न्यौता
ग्रेटर नोएडा में युपी के एमएसएमई मंत्री राकेश सचान और औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी से मुलाकात करते चैंबर अध्यक्ष संजय गोयल और अन्य पदाधिकारी।

मंत्री राकेश सचान का आश्वासन

चैम्बर द्वारा आगरा की औद्योगिक स्थिति पर ध्यान आकृष्ट कराए जाने पर एमएसएमई मंत्री राकेश सचान ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं आगरा के उद्योगों के प्रति गंभीर हैं। उन्होंने चैम्बर प्रतिनिधिमंडल को लखनऊ स्थित अपने कार्यालय में बुलाकर विस्तृत वार्ता का निमंत्रण दिया। चांदी के आभूषणों को ओडीओपी में सम्मिलित करने की मांग को स्वीकार करने के लिए चैम्बर ने  मंत्री के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

नंदी का वादा: आगरा में होगी विशेष बैठक

इसके बाद चैम्बर प्रतिनिधिमंडल ने औद्योगिक भूखंडों को लीजहोल्ड से फ्रीहोल्ड करने, फाउंड्री नगर औद्योगिक क्षेत्र की सीएफसी बिल्डिंग से 1000 वर्गमीटर भूमि चैम्बर भवन हेतु आवंटित करने, यूपीसीडा द्वारा अधिक रखरखाव शुल्क लेने सहित पांच सूत्रीय प्रतिवेदन औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ को सौंपा। मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वासन दिया कि शीघ्र ही आगरा में चैम्बर के साथ औद्योगिक समस्याओं एवं विकास को लेकर बैठक की जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल

प्रतिनिधिमंडल में चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल, उपाध्यक्ष विवेक बंसल, कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल, एमएसएमई यूनिट डवलपमेंट एंड अवेयरनेस प्रकोष्ठ के चेयरमैन अम्बा प्रसाद गर्ग, गेल गैस प्रकोष्ठ चेयरमैन मनोज बंसल, विपिन गुप्ता और दिलीप गुप्ता शामिल रहे।

SP_Singh AURGURU Editor