संभल में शिव मंदिर के पास कुएं से दो मूर्तियां और मिलीं

  संभल। संभल में विगत 14 दिसंबर को महादेव मंदिर मिलने के बाद इस मंदिर से सटे कुएं से दो मूर्तियां और मिली हैं। ये मूर्तियां मां पार्वती की बताई जा रही हैं। प्रशासन द्वारा कुएं से मलबा निकलवाए जाने के दौरान ये मूर्तियां मिलीं।

Dec 16, 2024 - 11:37
 0
संभल में शिव मंदिर के पास कुएं से दो मूर्तियां और मिलीं
संभल में शिव मंदिर के पास वह कुआं जिसकी सफाई के दौरान दो मूर्तियां मिली हैं।

-मंदिर से सटे प्राचीन कुएं को बंद कर इस पर अवैध कब्जा कर लिया गया था

-इसी कुएं की सफाई करा रहा है प्रशासन, 20 फीट गहराई में दबी थीं मूर्तियां

ज्ञातव्य है कि विगत 14 दिसंबर को बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान संभल के डीएम और एसपी की नजर मुस्लिम बहुल इलाके में एक जगह पर गई, जिसे देखकर उन्हें लगा कि यह मंदिर हो सकता है। प्रशासन ने उस स्थल का मुआयना किया तो पता चला कि वह शिव मंदिर है। इस मंदिर को चारों ओर से घेर लिया गया था।

महादेव मंदिर का पता लगने पर हिंदू समुदाय के लोग भी मौके पर पहुंचे। उसी दौरान कुछ लोगों ने प्रशासनिक अधिकारियों को बताया था कि इस मंदिर के पास एक कुआं भी हुआ करता था, जो मलबे से बंद कर दिया गया है। लोगों द्वारा बताई गई जगह पर प्रशासन ने अवैध कब्जे हटवाए तो कुआं मिल गया। कुएं को मलबे से भर दिया गया था।

प्रशासन अब इसी कुएं से मलबा निकलवा रहा है। कुएं की सफाई के दौरान 20 फीट गहराई पर दो मूर्तियां मिलीं। मूर्तियां मिलने की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मूर्तियों को अपने कब्जे में ले लिया। इस बारे में पुरातत्व विभाग को भी सूचित कर दिया गया है। सफाई के बाद कुएं में लगी ईंटें देखकर उसके प्राचीन होने का पता चलता है क्योंकि कुआं ककइया ईंटों से बना हुआ है।

संभल को लेकर आक्रामक हैं सीएम योगी

संभल में महादेव मंदिर की खोज होने के बाद से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विपक्ष पर लगातार हमलावर हैं। सीएम योगी विपक्षी नेताओं से पूछ रहे हैं कि 46 साल पहले संभल में क्या हुआ था और उस समय की सरकार ने लोगों को न्याय क्यों नहीं दिया था। सीएम योगी यह विपक्ष से यह भी सवाल पूछ रहे हैं कि संभल में महादेव मंदिर और उसमें विराजमान शिवलिंग और बजरंग बली की मूर्तियां क्या रातोंरात रखवा दी गईं?

SP_Singh AURGURU Editor