आगरा कोर्ट में कल दो राजनीतिक सुनवाई: कंगना रनौत और कांग्रेस नेताओं के केस पर निगाहें
आगरा। राजनीतिक नेताओं से जुड़े दो चर्चित मामलों की सुनवाई कल आगरा के न्यायालय में होनी है। पहला मामला किसानों के कथित अपमान और राष्ट्रद्रोह के आरोप में हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से भाजपा सांसद कंगना रनौत के खिलाफ दायर रिवीजन याचिका से जुड़ा है, जबकि दूसरा मामला उत्तर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं- अजय कुमार लल्लू, प्रदीप माथुर और विवेक बंसल के विरुद्ध पांच साल पुराने एक आपराधिक प्रकरण की अपील से संबंधित है। दोनों मामलों पर कल निर्णायक बहसें अपेक्षित हैं।
भाजपा सांसद कंगना रनौत के खिलाफ किसानों के अपमान और देशद्रोह के आरोप में दायर याचिका कल आज जिला जज संजय कुमार मलिक की अदालत में सुनवाई होगी। पूर्व में 19 जुलाई को कंगना की ओर से सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता अनसूया चौधरी ने अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल कर बताया था कि संसद सत्र के चलते कंगना उनसे विचार-विमर्श नहीं कर सकीं, इसलिए जवाब दाखिल करने के लिए समय दिया जाए। कोर्ट ने याचिका स्वीकार करते हुए 8 अगस्त की तिथि नियत की थी। अब अदालत आज इस रिवीजन याचिका पर पक्ष-विपक्ष की दलीलें सुनेगी।
दूसरा मामला थाना फतेहपुर सीकरी के एक पुराने मुकदमे में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कुशीनगर से विधायक अजय कुमार लल्लू, पूर्व विधायक प्रदीप माथुर और पूर्व एमएलसी विवेक बंसल के खिलाफ अभियोजन की अपील पर स्पेशल जज एमपी/एमएलए लोकेश कुमार की अदालत में कल पुनः बहस होगी। पहले दौर की बहस में कांग्रेस की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने लिखित और मौखिक बहस प्रस्तुत की थी। अभियोजन पक्ष की ओर से जिला सहायक शासकीय अधिवक्ता प्रदीप कुमार शर्मा ने कोर्ट से लिखित बहस प्रस्तुत करने हेतु समय मांगा था, जो 2 अगस्त को अदालत में सौंप दी गई। इसके बाद कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 8 अगस्त को दोनों पक्षों की मौजूदगी अनिवार्य होगी और पुनः बहस की जाएगी। कांग्रेस की ओर से अधिवक्ताओं में आर एस मौर्य, संतोष दीक्षित, के पी सिंह चौहान, सर्वेश चंद्र कुलश्रेष्ठ और उमेश जोशी जैसे नाम शामिल हैं।