यूपी में दो सड़क हादसों ने ली आठ जानें: लखनऊ-वाराणसी और लखनऊ-कानपुर हाईवे पर दर्दनाक मंजर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में दो भीषण सड़क हादसों में कुल आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। पहला हादसा लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर हुआ, वहीं दूसरा हादसा लखनऊ-कानपुर हाईवे पर सामने आया।
लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर ओवरब्रिज पर पलटी बस, पांच की मौत
सुबह करीब नौ बजे जौनपुर के बक्शा थाना क्षेत्र के शंभूगंज के पास एक बस का स्टेयरिंग फेल हो गया, जिससे बस तेज़ रफ्तार में ओवरब्रिज पर अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। यह बस बदलापुर से जौनपुर जा रही थी।
घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। लगभग 15 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर पहुंचे डीएम और एसपी ने घायलों का हाल जाना और बेहतर इलाज के निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि ड्राइवर की लापरवाई से हादसा हुआ है, उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
लखनऊ-कानपुर हाईवे पर टैंकर की टक्कर से कार खाई में गिरी, तीन की मौत
दूसरी दुर्घटना लखनऊ-कानपुर हाईवे पर हुई, जब एक टैंकर ने तेज रफ्तार में एक कार को टक्कर मार दी, जिससे कार बेकाबू होकर करीब पांच फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में सुखदेव प्रभाकर, उनकी पत्नी अंजूबाला प्रभाकर और पांच वर्षीय नातिन तान्या की मौत हो गई। परिवार लखनऊ के मानस नगर, कृष्णा नगर क्षेत्र का निवासी था और उन्नाव के मियांगंज से लौट रहा था। हादसा अकबरपुर गांव के पास हुआ।