जम्मू कश्मीर के उधमपुर में जैश के शीर्ष कमांडर सहित दो आतंकवादी ढेर, गुफा में छिपे थे दोनों

जम्मू कश्मीर के उधमपुर जिले में एक गुफा में छिपे जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के दो आतंकवादियों पर सुरक्षा बल अंतिम प्रहार कर दिया है। सुरक्षा बलों ने दो आतंकियों को ढेर कर दिया है।

Feb 4, 2026 - 14:45
 0
जम्मू कश्मीर के उधमपुर में जैश के शीर्ष कमांडर सहित दो आतंकवादी ढेर, गुफा में छिपे थे दोनों

उधमपुर। जम्मू कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सुरक्षा बलों ने गुफा में छिपे जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के दो आतंकवादियों को ढेर कर दिया है। सेना के अधिकारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जैश के शीर्ष कमांडर सहित दो आतंकवादी मुठभेड़ में मारे गए हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, शाम करीब साढ़े सात बजे आतंकवादियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की, जिसके बाद इलाके में फिर से गोलीबारी और जोरदार धमाके हुए। उन्होंने बताया कि इसके बाद घेराबंदी को और मजबूत करने के लिए पैराट्रूपर्स और श्वान दस्ते सहित सेना की अतिरिक्त टुकड़ियों को मौके पर भेजा गया था।

यह 15 दिसंबर के बाद उधमपुर में दूसरी मुठभेड़ थी, जब सौन गांव में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई थी। हालांकि, घने जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर आतंकवादी भागने में कामयाब रहे थे। जनवरी में कठुआ जिले में तीन और किश्तवाड़ के चतरू वन क्षेत्र में चार मुठभेड़ें हुईं जिनके परिणामस्वरूप कठुआ में जैश-ए-मोहम्मद के पाकिस्तानी आतंकवादी उस्मान को ढेर किया गया और किश्तवाड़ में एक पैराट्रूपर शहीद हो गया।

ये मुठभेड़ जम्मू क्षेत्र के ऊपरी इलाकों में छिपे आतंकवादियों को पकड़ने के लिए चलाए जा रहे गहन अभियानों के बीच हुईं। उस्मान उसी गिरोह का हिस्सा था जो उधमपुर जिले में फंसा हुआ है। वह पिछले कई वर्षों से उस क्षेत्र में सक्रिय था।