आगरा के मदनपुर में दो साल के मासूम की पानी से भरे ड्रम में गिरने से मौत, परिवार में कोहराम
आगरा। पिनाहट थाना क्षेत्र के गांव मदनपुर में आज सुबह एक मासूम की खेलते-खेलते पानी से भरे ड्रम में गिरने से हुई मौत से गांव में मातम पसर गया। दो वर्षीय कृष्णा खेलते समय घर में रखे पानी से भरे ड्रम में गिर गया था। परिवार वालों ने उसे तुरंत बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पिनाहट पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिवार और गांव में कोहराम मचा हुआ है।
गांव मदनपुर में सोमवार सुबह स्वर्गीय जोगेंद्र का दो वर्षीय पुत्र कृष्णा घर में खेल रहा था। खेलते-खेलते कृष्णा गलती से पानी से भरे बड़े ड्रम के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। घरवालों को जब उसकी आवाज न सुनाई दी तो उन्होंने उसे तलाशना शुरू किया।
कुछ देर बाद परिजनों की नजर पानी के ड्रम पर पड़ी, तो उन्होंने देखा कि बच्चा उसमें बेहोश पड़ा है। आनन-फानन में कृष्णा को ड्रम से बाहर निकालकर सीएचसी पिनाहट ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही घर में मातम का माहौल है। मासूम की मौत की खबर से गांव का वातावरण शोक और सदमे में डूबा है। बच्चे की मां का तो हाल बेहाल है क्योंकि पति के बाद पुत्र की भी मौत हो गई है।
स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी गई है। यह घटना बच्चों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने के महत्व को याद दिलाती है। बीते कल अछनेरा थाना क्षेत्र के फतेहपुरा गांव में भी ऐसा ही एक हादसा हुआ था जब रास्ते में खोदे गये दस फीट गहरे गड्ढे में गिरने से पांच साल के एक मासूम की मौत हो गई थी।