आगरा में सरेराह युवती से अभद्रता में दो युवक गिरफ्तार, युवती ने वीडियो बनाकर किया खुलासा
आगरा। ताज नगरी में महिला सुरक्षा को शर्मसार करने वाली एक और घटना सामने आई है। ताजगंज थाना क्षेत्र में टीडीआई मॉल के पास अपनी कार में जा रही एक युवती से दो युवकों ने अभद्रता और अश्लील हरकतें कीं। युवती ने हिम्मत और होशियारी से काम लेते हुए न केवल विरोध किया बल्कि पूरी घटना का वीडियो बनाकर दोनों की पोल खोल दी। वीडियो के वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार युवती अपनी कार से आगरा कैंट से दिल्ली की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही एक सफेद रंग की कार से दो युवक लगातार उसका पीछा करने लगे। कुछ ही देर में उन्होंने खिड़की से अशोभनीय इशारे और अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। युवती ने हिम्मत दिखाते हुए मोबाइल से यह सब रिकॉर्ड कर लिया।
जैसे ही आरोपियों को अहसास हुआ कि उनकी करतूत रिकॉर्ड हो रही हैं, उन्होंने अपनी कार रोककर युवती की गाड़ी के सामने लगा दी। दोनों युवक गाड़ी से उतरकर युवती को धमकाते हुए अभद्र भाषा में बात करने लगे। डर के माहौल के बीच युवती ने समझदारी से अपनी मां और पुलिस को फोन कर पूरी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही ताजगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को पकड़ लिया। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज किया और उसके मोबाइल से वीडियो फुटेज को साक्ष्य के रूप में कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा उनकी कार को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या दोनों युवक पहले भी किसी ऐसी हरकत में शामिल रहे हैं। आरोपियों के मोबाइल की भी जांच की जा रही है ताकि किसी अन्य पीड़िता या अश्लील वीडियो की जानकारी मिल सके।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॊलरेंस अपनाई जाएगी। किसी भी तरह की अभद्रता, छेड़छाड़ या धमकी पर तुरंत गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।