आगरा के पिनाहट थाना क्षेत्र की सीमा से दो युवकों को बोलेरो सवार अज्ञात लोग उठा ले गये, 36 घंटे से लापता इन युवकों के बारे में इलाका पुलिस खाली हाथ, दूसरे राज्य की पुलिस पर संदेह

आगरा। आगरा जनपद के थाना पिनाहट क्षेत्र से बोलेरो समेत चार गाड़ियों में आए अज्ञात लोगों द्वारा दो युवकों को उठाकर ले जाने की सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचाया हुआ है। हैरानी की बात यह है कि घटना को 36 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पिनाहट पुलिस अभी तक यह पता नहीं लगा सकी है कि आखिर दोनों युवकों को किसने और क्यों उठाया है।

Jan 25, 2026 - 11:49
 0
आगरा के पिनाहट थाना क्षेत्र की सीमा से दो युवकों को बोलेरो सवार अज्ञात लोग उठा ले गये, 36 घंटे से लापता इन युवकों के बारे में इलाका पुलिस खाली हाथ, दूसरे राज्य की पुलिस पर संदेह
छोटी देवी, जिसके पति को अज्ञात लोग उठा ले गये हैं, पिनाहट पुलिस को घटना के बारे में बताते हुए।

शुक्रवार-शनिवार की रात से लापता हैं दोनों युवक

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार-शनिवार की रात थाना पिनाहट क्षेत्र के राजाखेड़ा मार्ग पर स्थित मुखिया पेट्रोल पंप के पास बोलेरो और तीन अन्य गाड़ियों में सवार आठ-नौ अज्ञात लोग पहुंचे। उन्होंने एक कार को ओवरटेक कर रुकवाया और उसमें सवार युवक को जबरन खींचकर अपनी गाड़ी में डाल लिया।

छीतापुरा निवासी संजय को पत्नी के सामने उठाया

अपह्रत युवक की पहचान छीतापुरा (राजाखेड़ा क्षेत्र) निवासी संजय के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी छोटी देवी के साथ दवा लेकर पिनाहट से कार द्वारा अपने घर लौट रहा था। पत्नी के अनुसार, बिना कोई परिचय या कारण बताए उसके पति को जबरन उठा लिया गया। वह चीखती-चिल्लाती रही, सड़क पर बिलखती रही, लेकिन मौके पर मौजूद राहगीर तमाशबीन बने रहे।

सांवलदासपुरा से भी युवक गायब

इस घटना के कुछ ही देर बाद एक और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया। सांवलदासपुरा गांव की एक महिला पिनाहट थाने पहुंची और बताया कि उसके बेटे को भी कार सवार लोग उठाकर ले गए हैं। दोनों घटनाओं की टाइमिंग और तरीका लगभग एक जैसा है, जिससे पुलिस भी असमंजस में है।

पुलिस जांच में उलझन, बाहरी पुलिस का शक

छोटी देवी द्वारा पति को कार सवारों द्वारा उठाकर ले जाने की सूचना दिए जाने पर पिनाहट थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, सीसीटीवी फुटेज खंगालने की बात कही और दोनों मामलों में तहरीर लेकर जांच शुरू की। हालांकि अब तक न तो कोई सुराग मिला है और न ही यह स्पष्ट हो सका है कि उठाने वाले लोग कौन थे।
सूत्रों के अनुसार, संकेत मिल रहे हैं कि किसी दूसरे राज्य की पुलिस इन दोनों युवकों को उठाकर ले गई है, लेकिन न तो कोई आधिकारिक सूचना दी गई और न ही स्थानीय पुलिस को कोई जानकारी साझा की गई।

अम्बाह डकैती से जुड़ाव की आशंका

बताया जा रहा है कि हाल ही में अम्बाह में एक किन्नर के यहां बड़ी डकैती की वारदात हुई है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि कहीं यह मामला उसी डकैती से जुड़ा तो नहीं। हालांकि पुलिस इस संबंध में अभी कुछ भी कहने से बच रही है।

सवालों के घेरे में पिनाहट पुलिस

दो युवकों के रहस्यमय तरीके से उठाए जाने और 36 घंटे बाद भी कोई ठोस जानकारी न मिल पाने से पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor