बेकाबू कार का कहर, विकलांग की ट्राईसाइकिल चकनाचूर, एक्टिवा सवार को भी घसीटा

पश्चिमपुरी क्षेत्र में कार सवार दंपति ने पहले एक दिव्यांग की ट्राईसाइकिल में टक्कर मारकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया, फिर एक एक्टिवा सवार को भी चपेट में ले लिया। एक्टिवा को कार काफी दूर तक घसीटती रही। स्थानीय लोगों ने पीछा कर कार को रोक लिया। मौके पर पहुंचे सब-इंस्पेक्टर दंपति को थाने ले गए, जहां मामले की जांच जारी है।

Jun 6, 2026 - 14:09
 0
बेकाबू कार का कहर, विकलांग की ट्राईसाइकिल चकनाचूर, एक्टिवा सवार को भी घसीटा
कार के नीचे दबी पड़ी स्कूटी।

आगरा। आगरा के पश्चिमपुरी क्षेत्र में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर अफरा-तफरी मचा दी। कार सवार दंपति ने पहले एक दिव्यांग व्यक्ति की ट्राईसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ट्राईसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद भी कार नहीं रुकी और आगे बढ़ते हुए एक एक्टिवा सवार को भी अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक्टिवा कार के साथ फंस गई और कार उसे काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई। गनीमत रही कि एक्टिवा चालक समय रहते खुद को बचाने में सफल रहा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने कार का पीछा कर उसे रोक लिया और चालक दंपति को घेर लिया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

इसी दौरान वहां से गुजर रहे क्षेत्रीय सब-इंस्पेक्टर ने स्थिति को संभाला। पुलिसकर्मी कार सवार दंपति को अपने साथ थाने ले गए, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना को लेकर क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी देखी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।