अंडर 19 हॊकी टूर्नामेंट शुरू, पहले दिन चार मैच खेले गए

आगरा। शनिवार को एकलव्य स्टेडियम में शुरू हुए आल इंडिया अंडर 19 प्राइजमनी हॊकी टूर्नामेंट में पहले दिन के मुकाबलों में खेल नर्सरी सोनीपत के अलावा बैतूल हॊकी मध्य प्रदेश की टीमों ने जीत के साथ शुरुआत की। सेल हॊकी अकादमी राउरकेला और झांसी हॊस्टल के बीच मैच बराबरी पर छूटा।  

Dec 21, 2024 - 22:49
 0
अंडर 19 हॊकी टूर्नामेंट शुरू, पहले दिन चार मैच खेले गए
एकलव्य स्टेडियम में शनिवार से शुरू हुए अंडर 19 हॊकी टूर्नामेंट का गुब्बारे उड़ाकर उद्घाटन करते अतिथि।  

-खेल नर्सरी सोनीपत, बैतूल हॊकी मध्य प्रदेश, नवल टाटा अकादमी ने जीते मैच

-सेल हॊकी अकादमी राउरकेला और झांसी छात्रावास का मैच दो-दो से बराबरी पर छूटा

सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी और आगरा हॊकी मास्टर्स द्वारा संयुक्त रूप से साहिबजादा बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की स्मृति में आयोजित किए गए इस टूर्नामेंट के उद्घाटन के मौके पर प्राचीन युद्ध कला गतका का प्रदर्शन किया गया।

उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक एवं उत्तर प्रदेश हॊकी संघ के सचिव डॊ. आरपी सिंह, गुरुद्वारा गुरु का ताल के मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह, छावनी बोर्ड के नव मनोनीत सदस्य राजेश गोयल, डॊ. अशोक रैना, अमित रॊय, डॊ. कमल चौधरी, शरद चंद्र शर्मा, कर्नल संजय गोस्वामी, विनोद सीतलानी और राहुल पालीवाल ने उद्घाटन समारोह में सभी टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। सभी अतिथियों ने गुब्बारे छोड़कर टुर्नामेंट का उद्घाटन किया।

लीग कम नॊकआउट आधार पर खेले जा रहे इस टूर्नामेंट के पहले दिन चार मैच खेले गए, जिसमें खेल नर्सरी सोनीपत की टीम ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए हॊकी ट्रेनिंग सेंटर लुधियाना को 9-2 से जीत दर्ज कर मैच अपने नाम कर लिया। विजेता टीम के हिमांशु प्लेयर ऒफ मैच चुने गए।

दूसरे मैच में बैतूल हॊकी मध्य प्रदेश ने पीएस हॊकी अकादमी जयपुर को 10-1 से जीत दर्ज की। शिवा पंवार प्लेयर ऒफ मैच रहे। तीसरे मैच सेल हॊकी अकादमी राउरकेला और झांसी छात्रावास की टीमों के बीच हुआ। यह मैच बराबरी पर छूटा। करन धनुक इसमें प्लेयर ऒफ मैच चुने गए। चौथे मैच में नवल टाटा अकादमी जमशेदपुर ने राजा करन सिंह अकादमी करनाल को 10-2 से मैच अपने नाम कर लिया। जोलेन टोप्पो प्लेयर ऒफ मैच चुने गए।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि डॊ. आरपी सिंह ने इस बात पर खुशी प्रकट की कि लगातार दो ओलंपिक में पदक मिलने से देश में खेलों के प्रति रुझान बढ़ा है। आयोजन सचिव राजीव सोई, अमिताभ गोतम, धर्मेंद्र बघेल, अजय कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।

SP_Singh AURGURU Editor