आईएसआई के निशाने पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, सुरक्षा बढ़ाई गई

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मध्य प्रदेश के डीजीपी को पत्र भेजकर कहा है कि शिवराज सिंह आईएसआई के निशाने पर हैं। उनके दिल्ली और भोपाल आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Dec 13, 2025 - 23:24
 0
आईएसआई के निशाने पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, सुरक्षा बढ़ाई गई


 
नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा बढ़ाई गई है। गृह मंत्रालय के इनपुट के बाद फैसला लिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एमपी के डीजीपी को पत्र भेजकर कहा है कि शिवराज सिंह चौहान पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के निशाने पर हैं। आईएसआई शिवराज सिंह चौहान से जुड़ी जानकारी इक्कठी कर रही है।

शिवराज के भोपाल में 74 बंगला स्थित बी-8 आवास के चारों तरफ पुलिस ने अतिरिक्त बैरिकेडिंग लगा दी हैं। इसके साथ ही दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। शिवराज चौहान पर आईएसआई की ओर से दिलचस्पी दिखाने की जानकारी मिली है। उन्हें पहले से जेड प्लस सिक्योरिटी मिली हुई थी, लेकिन अब सुरक्षा और बढ़ाई गई है।

इनपुट मिलने के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने दोनों शहरों में चौहान की सुरक्षा रिंग को मजबूत किया है। शुक्रवार देर रात भोपाल बंगले के बाहर सुरक्षा बढ़ी हुई देखी गई है।

गृह मंत्रालय ने संबंधित एजेंसियों और मध्य प्रदेश के डीजीपी को सुरक्षा में चूक न होने का आदेश दिया है। मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव को भी हाई अलर्ट रहने को कहा गया है। साथ ही दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त (सुरक्षा) को भी निर्देश जारी किए हैं।

सुरक्षा बढ़ाने को लेकर जारी गृह मंत्रालय के पत्र के मुताबिक, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बारे में आईएसआई ने जानकारी हासिल करने में दिलचस्पी दिखाई है। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी की सलाह से केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई है। पत्र में कहा गया है कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अपनी सुरक्षा व्यवस्था को उचित रूप से समायोजित करें।

शिवराज सिंह चौहान को पहले से ही जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है, जो देश में सबसे ऊंची सुरक्षा मानी जाती है। अब एजेंसियों के इनपुट के बाद उनकी सुरक्षा में कितने जवान तैनात होंगे। इसको लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि जेड प्लस सुरक्षा के तहत एनएसजी कमांडो सहित करीब 55 ट्रेन्ड सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं।