केंद्रीय राज्यमंत्री बघेल ने आगरा के सेंट पॉल स्कूल के विद्यार्थियों को कराया संसद भवन का भ्रमण, लोकतंत्र की कार्यप्रणाली का मिला प्रेरणादायक अनुभव
आगरा के सेंट पॉल स्कूल की 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को मंगलवार को एक अनूठा और प्रेरणादायी अवसर मिला, जब केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल के सहयोग से उनका संसद भवन का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित कराया गया। इस भ्रमण में विद्यार्थियों को भारत की लोकतांत्रिक प्रणाली, संसदीय कार्यप्रणाली और नीति-निर्माण प्रक्रिया को निकट से समझने का ज्ञानवर्धक अनुभव मिला।
आगरा। आगरा के सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल के सहयोग से मंगलवार को सेंट पॉल स्कूल, आगरा के 12वीं के विद्यार्थियों के लिए संसद भवन का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने संसद भवन की कार्यप्रणाली, सत्र के संचालन, विधान निर्माण की प्रक्रिया और लोकतंत्र के विभिन्न आयामों को नजदीक से समझा।
इस भ्रमण में विद्यार्थियों के साथ स्कूल के शिक्षक सुश्री सीमा शंकर, सुश्री महिमा मुखरिया, राहुल सिंह और अभिषेक क्लॉडियस सक्रिय रूप से शामिल रहे। आयोजक थे ऐशली जॉन और एल्विन जॉन। इन दोनों ने विद्यार्थियों के साथ पूरे भ्रमण कार्यक्रम का कुशल संचालन किया।
राज्यमंत्री प्रो. बघेल का संदेश
केंद्रीय मंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल ने कहा कि संसद भ्रमण विद्यार्थियों को भारत की लोकतांत्रिक संरचना, संसदीय कार्य प्रणाली और राष्ट्रीय नीति-निर्माण की प्रक्रिया को समझने का प्रेरणादायक अनुभव कराता है। ऐसे अवसर युवाओं में राष्ट्र निर्माण की समझ और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।