दोस्ती, देखभाल और नई जिंदगी की अनोखी दास्तान,  हथिनी आर्या ने मनाई आजादी की पांचवीं वर्षगांठ

आगरा। वाइल्डलाइफ एसओएस एलिफेंट हॉस्पिटल कैंपस में नेत्रहीन एशियाई हथिनी आर्या ने अपनी आज़ादी के पांच साल पूरे कर लिए। 2020 में दशकों की पीड़ा, कुपोषण और गंभीर चोटों से जूझने के बाद जब उसे बचाया गया था, तब से लेकर अब तक विशेषज्ञ देखभाल, संतुलित आहार और सुरक्षित आश्रय ने उसे जीवन का नया अवसर दिया है। अपनी सबसे करीबी साथी ज़ारा के साथ आर्या की दोस्ती और उसका उत्सवमय जीवन, सहानुभूति और संरक्षण की मिसाल पेश कर रहा है।

Sep 16, 2025 - 19:01
 0
दोस्ती, देखभाल और नई जिंदगी की अनोखी दास्तान,  हथिनी आर्या ने मनाई आजादी की पांचवीं वर्षगांठ
वाइल्डलाइफ एसओएस के एलिफेंट सेंटर में आजादी की पांचवीं वर्षगांठ पर आर्या हथिनी के लिए तैयार किया विशेष भोज।

एलिफेंट हॉस्पिटल कैंपस में सौम्य व्यवहार वाली नेत्रहीन हथिनी आर्या के लिए यह महीना बेहद खास रहा। वह अपनी आज़ादी की पांचवीं वर्षगांठ मना रही है। 2020 में बचाए जाने के समय आर्या पूरी तरह नेत्रहीन, कुपोषित और पैरों की चोटों से जर्जर हालत में थी। गहन उपचार, दवाओं, पोषक आहार और निरंतर देखभाल से उसका स्वास्थ्य स्थिर हुआ। अब वह अपने पसंदीदा हरे चारे, तरबूज़ और कच्चे केले का आनंद उठाती है।

आर्या को मानसून की सैर, ठंडे स्नान और सुरक्षित बनाए गए आश्रय में रहना बेहद प्रिय है। उसकी सबसे नज़दीकी साथी ज़ारा भी हाल ही में अपनी पांचवीं वर्षगांठ मना चुकी है। दोनों हथिनियों की दोस्ती दिन-प्रतिदिन और गहरी हो रही है। उनकी रोज़ाना की सैर और आपसी सानिध्य उनके भावनात्मक सुधार की झलक दिखाता है।

इस मौके पर टीम ने आर्या और ज़ारा के लिए फलों का भोज तैयार किया, जिसमें केले, तरबूज, पपीता, सेब, मक्का और ताज़ा हरा चारा शामिल था। विशेष रूप से दलिया का केक बनाकर आर्या की 5वीं वर्षगांठ का उत्सव मनाया गया।

वाइल्डलाइफ एसओएस के सह-संस्थापक एवं सीईओ कार्तिक सत्यनारायण ने कहा, हर प्रताड़ित जानवर को जीने का दूसरा मौका मिलना चाहिए। सह-संस्थापक और सचिव गीता शेषमणि ने कहा, आर्या और ज़ारा का सफ़र दोस्ती और सुरक्षा से मिलने वाले सुकून को उजागर करता है। डायरेक्टर (कंज़रवेशन प्रोजेक्ट्स) बैजूराज ने कहा, आर्या जैसे हाथियों को सम्मानजनक जीवन देना ही हमारा उद्देश्य है।

SP_Singh AURGURU Editor