यूपी बनेगा इंडस्ट्रियल रिवॉल्यूशन का हब, जनवरी में लॉन्च होगा पहला इंडस्ट्री फैसिलिटी सेंटर पोर्टल

उत्तर प्रदेश उद्योग जगत में एक नया अध्याय लिखने जा रहा है। सूबे में लघु उद्योग निगम लिमिटेड द्वारा तैयार किया जा रहा इंडस्ट्री फैसिलिटी सेंटर (यूपीएसआईसी-आईएफसी) जनवरी 2026 में लॉन्च होगा, जो उद्यमियों को एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विचार से क्रियान्वयन तक हर सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराएगा। यह पहल प्रदेश को औद्योगिक क्रांति के केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

Oct 11, 2025 - 18:37
 0
यूपी बनेगा इंडस्ट्रियल रिवॉल्यूशन का हब, जनवरी में लॉन्च होगा पहला इंडस्ट्री फैसिलिटी सेंटर पोर्टल
उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम द्वारा आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते अध्यक्ष राकेश गर्ग। साथ में भुवेश अग्रवाल, सीए नितेश गुप्ता, सीए अनुज अशोक, दीपक अग्रवाल, विजय गुप्ता, मनीष अग्रवाल रावी, सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर प्रभात बाजपेई, वाईपी सिंह, रणजीत सिंह, अभिषेक सिंह, अंबुज सिंह और रणविजय सिंह।

आगरा। लघु उद्योग निगम उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष राकेश गर्ग (दर्जा राज्यमंत्री) की अध्यक्षता में शनिवार को हरीपर्वत स्थित होटल होलीडे इन में निगम की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय अधिकारियों, तकनीकी विशेषज्ञों और प्रमुख उद्यमियों ने प्रदेश के पहले इंडस्ट्री फैसिलिटी सेंटर की संरचना, संचालन और उपयोगिता पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।

अध्यक्ष राकेश गर्ग ने बताया कि यह पोर्टल आगामी मकर संक्रांति, जनवरी 2026 को लॉन्च किया जाएगा। यह एक वन-स्टॉप डिजिटल प्लेटफॉर्म होगा, जो उद्यमियों को उद्योग स्थापना, वित्तीय योजना, तकनीकी परामर्श, सरकारी योजनाओं की जानकारी और एक्सपर्ट गाइडेंस जैसी सभी सुविधाएं एक ही मंच पर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब उद्योग और निवेश का राष्ट्रीय मॉडल बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

डिजिटल प्लेटफॉर्म का उद्देश्य

इस पहल का मुख्य लक्ष्य उद्यमियों को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना है जहां वे अपने विचारों को व्यवहार में बदलने के लिए आवश्यक सभी सहायता प्राप्त कर सकें। प्रपोज़ल ड्राफ्टिंग, अप्रैजल रिपोर्ट, वित्तीय विश्लेषण, सरकारी अनुदान प्राप्ति, तकनीकी सलाह और विषय विशेषज्ञों द्वारा व्यक्तिगत मार्गदर्शन जैसी सेवाएं इस पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी।

उद्यमियों ने दी अपनी राय

लघु उद्योग भारती के प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल ने कहा कि यह केंद्र उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए एक गेम चेंजर साबित होगा। इससे छोटे और मध्यम उद्योगों को आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूती मिलेगी।
प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल रावी ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक संभावनाएं अपार हैं, बस तकनीक और मार्गदर्शन की एकीकृत व्यवस्था की कमी थी, जिसे यह फैसिलिटी सेंटर पूरा करेगा।
जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता ने कहा कि यह केंद्र उद्योग लगाने के पहले विचार से ही सहयोग प्रदान करेगा, जिससे उद्यमिता और प्रभावी बनेगी।

तकनीकी ढांचा और प्रगति रिपोर्ट

कानपुर से आए तकनीकी विशेषज्ञ अभिषेक सिंह और अंबुज सिंह ने पोर्टल की रूपरेखा और संचालन प्रणाली प्रस्तुत की। यूपीएसआईसी के सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर प्रभात बाजपेई ने बताया कि तकनीकी ढांचे का 70% कार्य पूरा हो चुका है। अध्यक्ष राकेश गर्ग ने निर्देश दिए कि मकर संक्रांति तक पोर्टल लॉन्च की सभी औपचारिकताएँ पूरी कर ली जाएं।

मुख्यालय कानपुर, संचालन सभी जिलों से

अध्यक्ष राकेश गर्ग ने कहा कि पोर्टल का मुख्यालय कानपुर में स्थापित किया जा रहा है, लेकिन प्रत्येक जिले से इसका संचालन स्थानीय इकाइयों द्वारा किया जाएगा। पोर्टल पर उद्यमी उद्योग स्थापना की सभी जानकारी, परामर्श और ऑनलाइन सहायता प्राप्त कर सकेंगे। एक हेल्पलाइन नंबर भी उपलब्ध रहेगा जिससे फोन पर समस्याओं का समाधान तुरंत मिलेगा। बैठक में कोल्ड स्टोरेज ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भुवेश अग्रवाल भी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor