बदले जा सकते हैं यूपी भाजपा के अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी
लखनऊ। यूपी बीजेपी ने भी संगठन में बदलाव की तैयारी शुरू कर दी है। कल दिल्ली में संगठनात्मक चुनाव की तैयारी को लेकर हुई बैठक में यूपी में भी बदलाव की रूपरेखा तय हुई। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह भी पहुंचे। सूत्रों का कहना है कि संगठन के बदलाव की प्रक्रिया दिसंबर में शुरू हो जाएगी। इसमें यूपी में बीजेपी के संगठनात्मक 98 जिलों में से 40 से ज्यादा जिलाध्यक्ष बदल दिए जाएंगे। साथ ही आधे से ज्यादा बूथ अध्यक्ष भी नए तैनात किए जाएंगे। अपना कार्यकाल पूरा कर चुके भूपेंद्र चौधरी की जगह नया प्रदेश अध्यक्ष लाया जा सकता है।
सूत्रों का कहना है कि संगठन में बदलाव की शुरुआत उन जिलों से होगी, जहां बीजेपी को लोकसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। लोकसभा चुनाव में बीजेपी 64 से 33 सीटों पर आ गई थी। इन सभी सीटों पर बदलाव की तैयारी कर ली गई है। इसके लिए जातीय समीकरणों का भी ख्याल रखा जाएगा। इसके अलावा दो से तीन कार्यकाल पूरा कर चुके जिला और महानगर अध्यक्षों को भी बदला जाएगा। इनकी भी सूची बना ली गई है। कुछ जिलाध्यक्षों के खिलाफ अनुशासनहीनता की भी शिकायतें मिली थीं, उन्हें भी बदलने की तैयारी कर ली गई है। हाल में चले सदस्यता अभियान में भी कुछ जिलाध्यक्षों ने रुचि नहीं दिखाई है, उन पर भी गाज गिर सकती है। इसके अलावा बूथ, मंडल स्तर तक भी संगठन में बदलाव किए जाएंगे।
दिल्ली पहुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि पार्टी ने उपचुनाव के प्रत्याशियों के नामों को अंतिम रूप दे दिया है। हर सीट पर बीजेपी चुनाव जीतेगी। यह सूची एक से दो दिन में आ सकती है। कहा जा रहा है कि बुधवार तक आठ प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी जाएगी। सूची में ओबीसी चेहरों पर खास फोकस रखा जाएगा।