यूपी में सीएम योगी का मैजिक खूब चला

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश समेत 14 राज्यों की 48 विधानसभा सीटों पर 23 नवंबर को उपचुनाव के नतीजे सामने आए। 20 नवंबर को इन 48 सीटों पर मतदान हुआ था। इसके साथ ही दो लोकसभा सीटों पर भी उपचुनाव के रिजल्ट सामने आ गए हैं। इसमें यूपी उपचुनाव में सीएम योगी का मैजिक चला। जिन दो राज्यों में विधानसभा के चुनाव हुए, उनमें महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति की सुनामी चल गई, जबकि झारखंड में इंडिया गठबंधन ने बहुमत हासिल कर लिया। वायनाड के उपचुनाव में कांग्रेस की नेता प्रियंका गांधी ने बड़ी जीत हासिल की।

Nov 23, 2024 - 20:03
 0
यूपी में सीएम योगी का मैजिक खूब चला


उत्तर प्रदेश विधानसभा में 9 सीटों पर उपचुनाव हुए। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया। यूपी उपचुनाव में अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी बुरी तरह पिछड़ गई है। यूपी में फिर एक बार सीएम योगी का मैजिक नजर आ रहा है। मुजफ्फरनगर की मीरापुर सीट पर बीजेपी के साथ गठबंधन में शामिल राष्ट्रीय लोक दल ने जीत दर्ज की। इस सीट से मिथलेश पाल ने समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी सुम्बुल राणा को हराया। कुंदरकी सीट पर बीजेपी उम्मीदवार रामवीर सिंह ने जीत हासिल की है। इस सीट पर भी बीजेपी ने एसपी को करारी शिकस्त दी है। गाजियाबाद सीट से बीजेपी के संजीव शर्मा ने एसपी के सिंह राज जाटव को हरा दिया। अलीगढ़ की खैर विधानभा सीट पर भी बीजेपी ने जीत का परचम लहराया है। इस सीट पर समाजवादी पार्टी की चारु केन को हार मिली है। मैनपुरी की करहल सीट से समाजवादी पार्टी के तेज प्रताप सिंह ने जीत दर्ज की है। इस सीट पर बीजेपी के अनुजेश प्रताप सिंह को हार मिली है। 
कानपुर की सीसामऊ विधानभा सीट पर भी बीजेपी की हार हुई है। इस सीट से एसपी की नसीम सोलंकी ने जीत हासिल की है। प्रयागराज की फूलपुर विधानसभा सीट पर दीपक पटेल ने भारतीय जनता पार्टी को जीत दिलाई। अंबेडकर नगर की कटेहरी सीट पर भी उपचुनाव में बीजेपी को जीत मिली है। इस सीट पर धर्मराज निशाद से शोभावती वर्मा हार गई। मझवां सीट से बीजेपी प्रत्याशी सुचिस्मिता मौर्य ने जीत हासिल की है। इस सीट पर समाजवादी पार्टी दूसरे नंबर पर रही। 

उत्तराखंड की एक सीट पर बीजेपी ने की जीत दर्ज
उत्तराखंड की एक ही सीट पर उपचुनाव था। केदारनाथ की सीट पर भारतीय जनता पार्टी की आशा नॉटियाल को जीत मिली। उन्होंने कांग्रेस के मनोज रावत को 5,622 वोटों से हराया है।

पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की आंधी

पश्चिम बंगाल के उपचुनाव में राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी को करारी शिकस्त दी है। राज्य में हुए उपचुनाव में सभी छह सीटों पर टीएमसी की जीत का परचम लहराया है।

राजस्थान उपचुनाव में बीजेपी को मिली बड़ी जीत

राजस्थान में सात सीटों पर उपचुनाव हुए, जिसमें पांच सीटों पर बीजेपी को जीत हासिल हुई है। वहीं कांग्रेस और भारत आदिवासी पार्टी को एक-एक सीट मिली।

बिहार उपचुनाव में भाजपा गठबंधन की जीत

बिहार में चार सीटों पर उपचुनाव हुए। इन चार में से दो सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की है. एक सीट पर जनता दल यूनाइटेड और एक सीट पर हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेकुलर) के प्रत्याशी जीते हैं।

असम उपचुनाव में एनडीए की जीत

असम में पांच सीटों पर उपचुनाव हुआ। राज्य में चार सीटों पर एनडीए ने जीत का परचम लहराया, वहीं एक सीट पर यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी, लिबरल ने जीत हासिल की।

गुजरात उपचुनाव में बीजेपी की जीत

गुजरात में केवल एक सीट पर उपचुनाव हुआ, जिसमें भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की।

छत्तीसगढ़ उपचुनाव

छत्तीसगढ़ में हुए विधानसभा उपचुनाव में भी बीजेपी ने जीत हासिल की है। यहां केवल एक ही सीट रायपुर सिटी साउथ पर उपचुनाव हुआ, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के सुनील कुमार सोनी ने कांग्रेस के आकाश शर्मा को 46,167 वोटों से हराया है.

कर्नाटक उपचुनाव में किसे लगा झटका?

कर्नाटक उपचुनाव में तीन सीटों पर मतदान हुआ. यहां तीनों ही सीट पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है। यहां भाजपा को झटका लगा है।

केरल उपचुनाव में क्या हुआ?
केरल में दो सीटों पर उपचुनाव हुआ, जिसमें एक सीट पर कांग्रेस ने तो दूसरी सीट पर कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) ने जीत दर्ज की।

मध्य प्रदेश उपचुनाव के नतीजे
मध्य प्रदेश में दो सीटों पर उपचुनाव हुए. इस चुनाव में एक सीट पर बीजेपी तो दूसरी सीट पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है।

मेघालय उपचुनाव
मेघालय में एक ही सीट गम्‍बेगरे पर उपचुनाव हुआ. इसमें चार चरणों की काउंटिंग के बाद ही नतीजे सामने आ गए. इस चुनाव में नेशनल पीपुल्स पार्टी की मेहताब चंदी ने ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार को 4,594 वोटों से हराया है।

पंजाब उपचुनाव में आप की जीत

पंजाब में चार सीटों पर उपचुनाव हुआ। इन चार सीटों में से तीन पर आम आदमी पार्टी ने जीत हासिल की है. वहीं एक सीट जीतने में कांग्रेस पार्टी कामयाब हुई।

सिक्किम में निर्विरोध जीती ये पार्टी
सिक्किम में हुए उपचुनाव में सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा पार्टी के दोनों कैंडिटेड निर्विरोध जीते। यहां चांग विधानसभा सीट से आदित्य गोले और नामची विधानसभा सीट से सतीश चंद्र राय ने जीत दर्ज की।

लोकसभा सीटों पर उपचुनाव
लोकसभा की दो सीटों पर उपचुनाव हुआ। इसमें केरल की वायनाड सीट से पहली बार चुनाव मैदान में उतरीं प्रियंका गांधी वाड्रा ने कांग्रेस के लिए जीत हासिल की, वहीं महाराष्ट्र की नांदेड़ सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार संतुकराव ने कांग्रेस प्रत्याशी को हराया है।