आगरा में रॉन्ग साइड चलने वालों को यूपी मेट्रो और ट्रैफिक पुलिस ने गुलाब देकर दी सड़क सुरक्षा की सीख
आगरा। जहां गलती पर अक्सर डांट मिलती है, वहीं यूपी मेट्रो ने ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से आगरा में रॉन्ग साइड चलने वालों को गुलाब का फूल देकर समझाया कि सड़क नियमों का पालन भी प्रेमपूर्वक सिखाया जा सकता है।
-गुरु का ताल कट के पास चलाया गया अनोखा जागरुकता अभियान, राहगीरों को बताया सही रास्ता
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन और यातायात पुलिस की इस अनोखी पहल के तहत गुरु का ताल कट के पास रॉन्ग साइड चलने वाले वाहन चालकों को फूल देकर उन्हें सड़क सुरक्षा का पाठ पढ़ाया गया। इसके साथ ही टीम ने वहां मौजूद राहगीरों को सिनर्जी हॉस्पिटल के पास बनाए गए नए वैध कट के प्रयोग की सलाह दी।
ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा तक बन रहे प्रथम मेट्रो कॉरिडोर के गुरु का ताल से सिकंदरा वाले हिस्से में तेजी से निर्माण कार्य हो रहा है। इस दौरान देखा गया कि लोग बड़ी संख्या में सड़क के दोनों ओर रॉन्ग साइड में वाहन चलाते हैं, जिससे जाम और हादसे की आशंका बनी रहती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए यूपी मेट्रो और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त रूप से शिष्ट लेकिन प्रभावी जागरुकता अभियान चलाया, जिसमें फूल भेंट कर लोगों से विनम्रता से सही दिशा में वाहन चलाने और ट्रैफिक नियमों के पालन की अपील की गई।
इस मौके पर यूपी मेट्रो की टीम ने न सिर्फ लोगों को नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया, बल्कि सुरक्षित मेट्रो निर्माण और यातायात में सह-समन्वय का भी संदेश दिया।