सपा विधायक पूजा पाल के निष्कासन पर यूपी की राजनीति गरमाई

सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ करने पर सपा विधायक पूजा पाल को अखिलेश यादव ने पार्टी से निकाल दिया है। पूजा पाल को निकाले जाने पर राजनीति गरमा गई है। ब्रजेश पाठक, ओपी राजभर और पल्लवी पटेल ने सपा पर सवाल उठाए हैं।

Aug 14, 2025 - 22:40
Aug 14, 2025 - 22:42
 0
सपा विधायक पूजा पाल के निष्कासन पर यूपी की राजनीति गरमाई


ब्रजेश पाठक , ओपी राजभर, पल्लवी पटेल शलभमणि त्रिपाठी ने उठाए सवाल

 
 
लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के कारण अपनी विधायक पूजा पाल को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पूजा पाल ने सदन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की थी। बताया जा रहा है कि इसी के चलते सपा मुखिया अखिलेश यादव ने पूजा पाल को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। पूजा पाल के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद सूबे की राजनीति गरमा गई है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत तमाम मंत्रियों ने अखिलेश यादव पर हमला बोल दिया है।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सदन में विकसित भारत के विजन का समर्थन करने पर पूजा पाल को निष्कासित किया जाना समाजवादी पार्टी की घटिया सोच को दर्शाता है। सदन ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया कि समाजवादी पार्टी की नीति महिला विरोधी है। मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि उन्होंने (पूजा पाल) सरकार की तारीफ की थी कि सरकार अच्छा काम कर रही है और विकसित उत्तर प्रदेश की बात की थी। क्या सपा इस प्रदेश को फिर गुंडागर्दी, लूट का प्रदेश बनाना चाहती है? मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी की नीति है कि वे महिलाओं को कभी सम्मान नहीं देते हैं।  
 
 
सच सुनने की आदत नहीं- ओपी राजभर

वहीं, सुभासपा मुखिया एवं कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भी समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए हमला बोला है। ओपी राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी के पास सच सुनने की आदत नहीं है। उनकी पार्टी का मामला है, वे जानें, लेकिन पूजा पाल ने सच कहा है।


पल्लवी पटेल और शलभमणि त्रिपाठी ने बोला हमला

सपा विधायक पल्लवी पटेल ने कहा कि जब हम इस सदन में बोलने के लिए खड़े होते हैं, तो प्रत्येक सदस्य अपनी विचारधारा और विचारों को अपनी इच्छानुसार व्यक्त करने के लिए स्वतंत्र है। बीजेपी विधायक शलभमणि त्रिपाठी ने कहा कि कल फतेहपुर में खान साहब की शिकायत पर चौहान साहब निकाल फेंके गए। आज पति के कातिल माफिया अतीक अहमद के खिलाफ बोलने पर विधायक पूजा पाल निकाल फेंकी गईं। बीजेपी विधायक ने कहा कि ये है समाजवादी पार्टी के पिछड़े प्रेम की सच्चाई।