लंदन के वर्ल्ड ट्रैवल मार्केट में यूपी टूरिज्म के स्टाल ने हर किसी का ध्यान खींचा
आगरा। उत्तर प्रदेश पर्यटन ने लंदन में आयोजित तीन दिवसीय वर्ल्ड ट्रैवल मार्केट डब्ल्यूटीएम के अंतिम दिन रोड शो के माध्यम से ब्रिटेन के साथ-साथ अन्य देशों के टूर-ट्रेवेल आपरेटर्स को महाकुंभ, अयोध्या, काशी, मथुरा की महिमा से परिचित कराया। आगामी महाकुंभ में संगमनगरी प्रयागराज आने के लिए आग्रह किया। यह जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।
- उप्र पर्यटन विभाग ने लंदन में रोड-शो के माध्यम से मथुरा, प्रयागराज महाकुम्भ, अयोध्या और काशी की अध्यात्मिकता तथा आस्था का प्रचार-प्रसार किया
पर्यटन मंत्री ने बताया कि लंदन में 05 नवम्बर से 07 नवम्बर तक टूरिज्म एक्सपो वर्ल्ड ट्रेवेल मार्केट का आयोजन किया गया। इसमें विश्व के अधिकतर देशों से हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। उत्तर प्रदेश में स्थित महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों को विश्व स्तर पर प्रचारित और प्रसारित करने के लिए बहुत अच्छा मंच साबित हुआ।
इसमें उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने स्टाल लगाया था। जहां पर अयोध्या, काशी, महाकुम्भ, सारनाथ, कुशीनगर सहित प्रदेश के अन्य पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित किया गया। विभिन्न देशों से आने वाले पर्यटकों को विभिन्न माध्यमों से इन स्थलों के बारे में जानकारी दी गई।
इस आयोजन की विशेषता यह रही कि आगंतुकों ने प्रशंसा करने के साथ-साथ भ्रमण करने की इच्छा भी जताई। पर्यटन मंत्री ने बताया कि प्रचार-प्रसार के क्रम में अंतिम दिन सात नवंबर को रोड शो निकाला गया, जिसमें लगभग 100 लोग शामिल हुए।
इसमें विभिन्न देशों के आगंतुकों को बताया गया कि यूपी भगवान राम और कृष्ण की धरती है। यहीं पर भगवान शिव के त्रिशूल पर विराजमान काशी है। इसी तरह अनेक ऐसे आध्यात्मिक स्थल हैं। यहां के नेशनल पार्क और टाइगर रिजर्व के बारे में भी लोगों को बताया गया।
जयवीर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश घरेलू पर्यटन के मामले में अभी पहले स्थान पर है। विदेशी पर्यटकों के आगमन में भी यह उपलब्धि हासिल करने का प्रयास जारी है। इसी क्रम में विश्व स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
इस वर्ष डब्ल्यूटीएम से पहले आइटीबी एशिया सिंगापुर, जाटा टोक्यो जापान, आईएफटीएम टाप रेसा पेरिस फ्रांस, पटाया थाइलैंड बैंकाक, केआईटीएस-कोरिया इंटरनेशनल टूरिज्म शो-2024 आदि में प्रदेश के पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार किया जा चुका है।