कारोबार के सफल रणनीतिकार थे उत्तम प्रकाश अग्रवाल
आगरा। फिरोजाबाद में लोक निर्माण विभाग के सिविल कांट्रेक्टर के रूप में करियर शुरू करने वाले स्व. उत्तम प्रकाश अग्रवाल अपने पीछे कारोबार की ऐसी विरासत छोड़ गए हैं, जिसे अब उनके परिवार के लोग आगे बढ़ा रहे हैं। एक साल पहले आज ही के दिन (10 जनवरी) गोलोकवासी हुए शहर के दिग्गज रियल एस्टेट और आटोमोबाइल कारोबारी उत्तम प्रकाश अग्रवाल को विमल ग्रुप ऑफ़ कम्पनीज और प्रेम ज्ञान ग्रुप ऑफ कंपनीज द्वारा उनकी पहली पुण्यतिथि पर याद किया जा रहा है।
फिरोजाबाद में सिविल कांट्रेक्टर के रूप में कार्य के दौरान उत्तम प्रकाश अग्रवाल ने इस फील्ड की बारीकियां समझीं और वर्ष 1983 में आगरा आ गए। यहां आपने रियल एस्टेट के कारोबार की शुरुआत की। एल्डिको हाउसिंग के साथ मिलकर सबसे पहला प्रोजेक्ट अवागढ़ हाउस की जमीन खरीद कर शुरू किया। इसके बाद उनके कदम रुके नहीं। बाद में उन्होंने जेएस फौजदार के साथ मिलकर कावेरी हाउसिंग की स्थापना की और शहर में हाउसिंग के कई बड़े प्रोजेक्ट किए। कावेरी से अलग होकर उन्होंने विमल हाउसिंग की शुरुआत की थी।
स्व. उत्तम प्रकाश अग्रवाल ने अपने बेटों को ऑटोमोबाइल लाइन में आगे बढ़ाया। उनकी ही बेहतर व्यापारिक रणनीति का नतीजा है कि आगरा में ऑटोमोबाइल क्षेत्र में इस परिवार की 70 फीसदी से अधिक की हिस्सेदारी है। वह उत्तर प्रदेश आवास संघ के अध्यक्ष भी रहे। सफल व्यापारी के साथ साथ वह बड़े समाजसेवी भी थे। समाजसेवा के क्षेत्र में भी उन्होंने अग्रणी भूमिका अदा की थी। आज उनकी पहली पुण्य तिथि है।