उत्तर प्रदेश की मिश्रित टीम फाइनल में, महिला टीम भी सेमीफाइनल में पहुंची
दिनेशपुर (उत्तराखंड)। 21 से 25 जून 2025 तक उत्तराखंड के दिनेशपुर में चल रही 12वीं सीनियर राष्ट्रीय टारगेटबॉल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की महिला और मिश्रित टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया है। महिला वर्ग में उत्तर प्रदेश की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है, जहां उसका मुकाबला तमिलनाडु की टीम से होगा। टीम की खिलाड़ियों ने पूरे जोश और रणनीति के साथ अपने प्रदर्शन से दर्शकों का मन मोह लिया।
वहीं 4वीं सीनियर मिश्रित राष्ट्रीय टारगेटबॉल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। फाइनल मुकाबला भी तमिलनाडु की मजबूत टीम से होगा। उत्तर प्रदेश की टीम के सभी खिलाड़ी खिताब जीतने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं और आत्मविश्वास से भरे हुए हैं।
टीम के कोच एम.डी. अहमद खान और तरुण चतुर्वेदी तथा टीम मैनेजर जीनत अली खिलाड़ियों को रणनीतिक दिशा दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश टारगेटबॉल संघ के अध्यक्ष राजीव सोई, जिला क्रीड़ाधिकारी आगरा संजय शर्मा, महासचिव दिलीप शर्मा, संजय नेहरू, केपी सिंह यादव, अमिताभ गौतम, सयुक्त सचिव प्रतीक मौर्य, हरदीप सिंह हीरा, धीरज मदान, बहादुर शर्मा, मुनबर खान सहित अन्य पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और फाइनल मुकाबले के लिए शुभकामनाएं दीं।
संघ के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश की टीमें विजेता बनकर लौटेंगी और राज्य का गौरव बढ़ाएंगी।