आगरा में वैक्सीन प्रिवेंटेबल डिजीज सर्विलांस वर्कशॉपः टीकाकरण से बचेगी हर जान
आगरा। जनपद के जगनेर और शमसाबाद ब्लॉक स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर बुधवार को वैक्सीन प्रिवेंटेबल डिजीज सर्विलांस वर्कशॉप का आयोजन किया गया। यह आयोजन स्वास्थ्य विभाग द्वारा विश्व स्वास्थ्य संगठन के सहयोग से किया गया। वर्कशॉप का उद्देश्य था- समय पर टीकाकरण के महत्व को समझाना और इससे जुड़ी जानकारियों को फ्रंटलाइन स्वास्थ्यकर्मियों तक पहुंचाना।
नियमित टीकाकरण बच्चों का सुरक्षा कवच
कार्यशाला को संबोधित करते हुए एसीएमओ आरसीएच डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने बताया कि नियमित टीकाकरण राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का अभिन्न अंग है, जो नवजातों और गर्भवती महिलाओं को जानलेवा बीमारियों से सुरक्षित करता है। उन्होंने कहा कि टीका लगने से हमारी प्रतिरक्षा प्रणाली सक्रिय होती है और वह बीमारी से लड़ने में सक्षम बनती है।
समय पर टीकाकरण से घटेगी मृत्यु दर
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उपेंद्र कुमार ने बताया कि डिप्थीरिया, खसरा, पोलियो, टेटनस जैसी गंभीर बीमारियों से टीकाकरण के माध्यम से बचाव संभव है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रोकथाम हमेशा इलाज से बेहतर है। समय से टीकाकरण बच्चों की जान बचा सकता है।
डब्ल्यूएचओ प्रतिनिधि ने किया प्रशिक्षित
विश्व स्वास्थ्य संगठन की एसएमओ डॉ. महिमा चतुर्वेदी ने टीके से रोके जा सकने वाले रोगों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने प्रशिक्षुओं को इन बीमारियों के लक्षण, पहचान और इलाज के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि घुमंतू, निर्माण स्थल, ईंट भट्ठा और माइग्रेशन परिवारों तक पहुंच बनाना टीकाकरण की सफलता की कुंजी है।
सर्विलांस की मिली गहन जानकारी
प्रशिक्षण में भाग ले रहीं एलएमओ डॉ. गीता सिंह ने बताया कि कार्यशाला में विशेष रूप से उन क्षेत्रों की पहचान करना सिखाया गया, जहां टीकाकरण की पहुंच कम है। उन्होंने बताया कि ऐसे परिवारों के बच्चों को बीमारियों से बचाने के लिए हर स्वास्थ्यकर्मी को सतर्क रहना होगा।
सशक्त टीम, सुरक्षित बचपन
वर्कशॉप में ब्लॉक के मेडिकल ऑफिसर, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम से जुड़ी टीम, एएनएम, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भाग लिया। सभी को इस अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने की शपथ दिलाई गई।