वनबंधु परिषद की मुरैना वन यात्रा में शिक्षा और संस्कृति का संगम, देखने को मिली सेवा, संस्कार और समर्पण की मिसाल
आगरा। वनबंधु परिषद, आगरा चैप्टर द्वारा भिंड-मेहगांव अंचल के मुरैना क्षेत्र में आयोजित एकदिवसीय वन यात्रा सेवा, संस्कार और सामाजिक समर्पण का सशक्त उदाहरण बनकर उभरी। इस यात्रा में आगरा से कुल 32 सदस्य शामिल हुए, जिन्होंने ग्रामीण अंचलों में शिक्षा, संस्कृति और सहयोग की अनूठी झलक प्रस्तुत की।
संस्था के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंघल के नियोजन और प्रबंधन में यह यात्रा सुव्यवस्थित और सफल रही। यात्रा के दौरान पदाधिकारियों ने एकल अभियान आगरा के अंतर्गत मेहगांव क्षेत्र के ग्राम मुस्तरा और रेंका में संचालित दो एकल विद्यालयों का भ्रमण किया।
दोनों विद्यालयों में ग्राम समिति और बच्चों द्वारा आगरा से आए सदस्यों का माला और पटका पहनाकर स्वागत किया गया। बच्चों ने गीत और हनुमान चालीसा प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। इस दौरान परिषद के सदस्यों ने ग्राम समिति के कार्यकर्ताओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया, वहीं विद्यालय के आचार्य और उनकी माता को बैग व चुनरी भेंट कर सम्मान प्रकट किया।
सदस्यों ने बच्चों को कॉपी, पेन, पेंसिल, बिस्कुट, फ्रूटी और नमकीन वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस पहल ने शिक्षा के प्रति जागरूकता और सामाजिक सहयोग की भावना को और मजबूत किया।
वन यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने प्राचीन दंदरौआ धाम स्थित श्री हनुमान जी के मंदिर और रतनगढ़ माता मंदिर में दर्शन कर प्रसादी ग्रहण की।
इस यात्रा में अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंघल, सचिव जगदीश प्रसाद बसल, उपाध्यक्ष रवि अग्रवाल, वनयात्रा निर्देशक सलिल गोयल, प्रभारी मुकेश मित्तल, कपिल अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, गिरिराज सारन जैन, बी.डी. जैन गर्ल्स कॉलेज की प्राचार्या प्रो. वंदना अग्रवाल, महिला समिति से उपाध्यक्ष सुधा अग्रवाल, ऊषा गोयल, मंजू सिंघल, प्रसूम बंसल सहित रामेंद्र सिंह भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
Top of Form
Bottom of Form