उपराष्ट्रपति का आगरा से आह्वान- नशे को नकारें, खेलों से देश को संवारें, एकलव्य स्टेडियम में खेल उत्सव

आगरा के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में सांसद खेल स्पर्धा का भव्य शुभारंभ उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के मुख्य आतिथ्य में हुआ। उपराष्ट्रपति ने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश का भविष्य है। उन्होंने नशे को ‘ना’ और खेलों को ‘हां’ कहने का संदेश दिया।

Dec 24, 2025 - 18:11
 0
उपराष्ट्रपति का आगरा से आह्वान- नशे को नकारें, खेलों से देश को संवारें, एकलव्य स्टेडियम में खेल उत्सव
एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में सांसद खेल स्पर्धा में विजेता खिलाड़ियों को ट्राफी देते उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन।

सांसद खेल स्पर्धा का भव्य शुभारंभ, खिलाड़ियों का सम्मान, स्टेडियम में उत्सव का माहौल

आगरा। आगरा के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में सांसद खेल स्पर्धा का भव्य शुभारंभ उस समय हुआ, जब देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। खेल, संस्कृति और अनुशासन के संगम से सजा यह आयोजन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गया।

उपराष्ट्रपति विशेष विमान से दोपहर करीब ढाई बजे खेरिया एयरपोर्ट पहुंचे, जहां केंद्रीय पंचायतीराज राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से एकलव्य स्टेडियम तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उनका काफिला पहुंचा।

शंखनाद और संस्कृति के साथ स्वागत

एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में उपराष्ट्रपति का शंखनाद, पारंपरिक वाद्य-यंत्रों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ भव्य स्वागत किया गया। पूरे स्टेडियम में उत्सव का माहौल देखने को मिला, जहां खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और आमजन की भारी भीड़ मौजूद रही।

युवाओं के नाम प्रेरक संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही देश का भविष्य है। नशे को ‘ना’ और खेलों को ‘हां’ कहकर ही स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है।

उन्होंने कहा कि भारत खेलों के क्षेत्र में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। देश कॉमनवेल्थ गेम्स के आयोजन की दिशा में अग्रसर है और आने वाले समय में ओलंपिक जैसे वैश्विक खेल आयोजनों की मेजबानी का सपना भी साकार करेगा।

खिलाड़ियों का सम्मान, खेल भावना का प्रदर्शन

इस अवसर पर खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रस्तुतियां दीं, जिन पर दर्शकों ने तालियों की गूंज से उनका उत्साह बढ़ाया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को उपराष्ट्रपति ने शील्ड और सम्मान प्रदान किए।

केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि सांसद खेल स्पर्धा का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी युवाओं को एक सशक्त मंच देना है, ताकि उनकी प्रतिभा को निखारा जा सके और खेल संस्कृति को मजबूत किया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान खेल भावना, अनुशासन और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला, जिसने आगरा को खेलों के केंद्र के रूप में नई पहचान दी। कार्यक्रम में सांसद राजकुमार चाहर, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता आदि भी मौजूद थे।