कुशियापुर त्रासदी के पीड़ितों को 50-50 लाख मुआवजा और नौकरी मिले, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

आगरा। खैरागढ़ क्षेत्र के ग्राम कुशियापुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई 13 लोगों की दर्दनाक मौत की घटना को लेकर पीड़ित परिवारों की मदद की मांग उठी है। राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं कांग्रेस नेता रमाशंकर शर्मा ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन भेजकर पीड़ित परिवारों के लिए न्याय और राहत की मांग की है।

Nov 5, 2025 - 11:33
 0
कुशियापुर त्रासदी के पीड़ितों को 50-50 लाख मुआवजा और नौकरी मिले, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
खेरागढ़ क्षेत्र के कुशियापुर गांव के पास उटंगन नदी का वह स्थल, जहां मूर्ति विसर्जन के दौरान गांव के 12 नौजवान डूब गये थे।

ज्ञापन में कहा गया कि 28 सितंबर 2025 को दशहरा पर्व के अवसर पर ग्राम कुशियापुर के लोग उतंगन नदी में प्रतिमा विसर्जन के लिए गए थे, जहां खनन माफियाओं द्वारा किए गए अवैध खनन से बने गहरे गड्ढों में डूबकर 13 लोगों की मृत्यु हो गई थी। शर्मा ने लिखा कि कुछ परिवारों के तो घर के चिराग तक बुझ गए हैं और अब उनमें कोई कमाने वाला तक नहीं बचा है।

रमाशंकर शर्मा ने ज्ञापन में मुख्यमंत्री से मांग की है कि प्रत्येक पीड़ित परिवार को 50-50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता, एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा जिम्मेदार खनन माफिया और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने बताया कि यह घटना के बाद उसी नदी में एक माह पूर्व एक और व्यक्ति की मौक हो चुकी है।

ज्ञापन में कहा गया कि आगरा जनपद में अवैध खनन का यह अवैध व्यापार कई वर्षों से चल रहा है, जिसमें पुलिस की मिलीभगत से माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। कुछ वर्ष पहले विरोध करने वाले ईमानदार पुलिस कर्मियों की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या तक की जा चुकी है, लेकिन आज तक उन अपराधियों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई।

श्री शर्मा ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के मंत्री, सांसद और विधायक कुशियापुर जरूर गए थे, परंतु उन्होंने पीड़ित परिवारों को केवल झूठा आश्वासन दिया और मात्र चार-चार लाख रुपए का मुआवजा देकर चुप्पी साध ली। वहीं समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन ने एक-एक लाख रुपए की सहायता पार्टी की ओर से दी।

ज्ञापन पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामदत्त दिवाकर, आर.एस. मौर्य, ओ.पी. वर्मा, प्रदीप चंसोलिया, पवन शर्मा, नवीन गर्ग, अमित दीक्षित, कुलदीप भारद्वाज, बी.एस. फौजदार, सत्य प्रकाश सक्सेना, राजेंद्र गुप्ता, धीरज, यामीन कादरी, इरशाद अहमद, सुरेश आमौरिया सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं और कांग्रेस जनों के हस्ताक्षर हैं।

SP_Singh AURGURU Editor