थकावट पर विजय, दुर्गम राहों पर दम, झांसी से आगरा तक 800 किलोमीटर की एडवेंचर रैली का रोमांचक फिनिश, विजेता पुरस्कृत

आगरा। धूल भरे रास्ते, पत्थरीले ट्रैक, संकरे मोड़, जंगलों की खामोशी और लगातार बढ़ती थकावट… तीन दिनों तक चले 800 किलोमीटर के इस दुर्गम सफर ने प्रतिभागियों की शारीरिक क्षमता ही नहीं, बल्कि मानसिक दृढ़ता की भी कड़ी परीक्षा ली। हर मोड़ पर नई चुनौती और हर चरण में नया संघर्ष सामने आया, लेकिन साहस, अनुशासन और संकल्प ने अंततः थकान पर विजय पाई। इसी जज़्बे के साथ झांसी से आगरा तक एडवेंचर रैली का तृतीय चरण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Feb 23, 2026 - 10:49
 0
थकावट पर विजय, दुर्गम राहों पर दम, झांसी से आगरा तक 800 किलोमीटर की एडवेंचर रैली का रोमांचक फिनिश, विजेता पुरस्कृत
मोटर स्पोर्ट क्लब ऑफ आगरा, जिला प्रशासन, नगर निगम एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित झांसी से आगरा एडवेंचर रैली के तीसरे चरण के समापन पर पुरस्कृत किये गये विजेता।

मोटर स्पोर्ट क्लब ऑफ आगरा, जिला प्रशासन, नगर निगम एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय एडवेंचर रैली का अंतिम चरण रविवार को झांसी से आगरा तक रोमांच के चरम पर रहा। प्रतिभागी प्रातः 7 बजे क्राफ्ट स्टेज, झांसी से जोश और ऊर्जा के साथ रवाना हुए।

निर्धारित रूट के अनुसार रैली जैन चौराहा, गणेशपुरा, सुखवान, सुकमा-दुखम हेड वर्क्स, घिसौली, बिजौली इंडस्ट्रियल एरिया, डोंगरी गांव, बारूपारा और बजाना से होती हुई आगे बढ़ी। इस चरण में संकरे ग्रामीण मार्ग, उबड़-खाबड़ ट्रैक और प्राकृतिक अवरोधों ने प्रतिभागियों की रणनीति, नेविगेशन स्किल और टाइम मैनेजमेंट की कड़ी परीक्षा ली। बजाना के बाद आगरा तक का सफर सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण रहा, जहां अनुभव और धैर्य निर्णायक साबित हुए।

तीन दिनों में करीब 800 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 77 कार व बाइक सवार प्रतिभागियों ने टीमवर्क, अनुशासन और सुरक्षित ड्राइविंग का शानदार उदाहरण प्रस्तुत किया। उम्र की सीमाओं को लांघते हुए हर प्रतिभागी में साहसिक खेलों के प्रति गजब का उत्साह देखने को मिला।

इस एडवेंचर रैली का मुख्य उद्देश्य आगरा और बुंदेलखंड क्षेत्र के पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना रहा। ऐतिहासिक, ग्रामीण और वन क्षेत्रों से होकर गुजरने वाले मार्गों ने क्षेत्रीय विविधता और एडवेंचर टूरिज्म की अपार संभावनाओं को उजागर किया।

आगरा आगमन पर फतेहाबाद रोड स्थित होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में चेयरमैन राम मोहन कपूर ने विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर अध्यक्ष राजीव गुप्ता, कोषाध्यक्ष रचित अग्रवाल, अध्यक्ष (खेल) अमित मित्तल, अर्पित अग्रवाल, सचिव करण अग्रवाल, सह-कोषाध्यक्ष हेमंत जैन, उपाध्यक्ष मनोज खान, रामप्रसाद सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे। अतिथियों ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल मोटरस्पोर्ट्स को बढ़ावा देते हैं, बल्कि सुरक्षित ड्राइविंग और क्षेत्रीय पर्यटन के प्रति भी जागरूकता बढ़ाते हैं।

ये हैं विजेता प्रतिभागी
बाइक वर्ग में महिला वर्ग की विजेता उर्मिला रैयानी (अहमदाबाद) रहीं। आगरा वर्ग में दिव्यांशु वर्मा, सलमान और अभिषेक ने शानदार प्रदर्शन किया। नोवाइस वर्ग में कपिल देव सोनी ने बाज़ी मारी, जबकि प्रोफेशनल वर्ग में शिवम विजेता रहे।

कार वर्ग में महिला वर्ग की विजेता जसमीत बत्रा (गुरुग्राम) और ज्योति अयंगर (मुंबई) रहीं। कपल वर्ग में पूर्णा तमांग और अन्नपूर्णा ऐली (सिक्किम) ने जीत दर्ज की। आगरा वर्ग में विकास महाजन और आशीष अग्रवाल विजेता रहे। नोवाइस वर्ग में विष्णु अलूरी (गुरुग्राम) और वसावी ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रोफेशनल वर्ग में राजीतेश माझी (नोएडा) और चंद्राशीश रॉय (कोलकाता) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।

SP_Singh AURGURU Editor