विनय पतसारिया स्मृतिः 14 अक्टूबर को सूरसदन में ‘हम’ की प्रस्तुति ‘अरे शरीफ़ लोग’
आगरा। वरिष्ठ रंगकर्मी स्वर्गीय विनय पतसारिया की द्वितीय पुण्यतिथि पर उनके स्मरण और रंगमंचीय परंपरा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से विनय पतसारिया स्मृति समारोह समिति द्वारा एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस भावपूर्ण स्मृति एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम में रंगकर्मी के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए ‘हम’ गुजरात की प्रसिद्ध नाट्य प्रस्तुति ‘अरे शरीफ़ लोग’ का मंचन किया जाएगा। यह प्रस्तुति 14 अक्टूबर की शाम को सूरसदन में होगी।
आमंत्रण पत्र का विमोचन
आज सोमवार को होटल भावना क्लार्क्स इन में समिति द्वारा आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया। इस अवसर पर आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम के महत्व को रेखांकित किया। नाटक के लेखक सुप्रसिद्ध साहित्यकार जयवंत दलवी और निर्देशक प्रख्यात रंगकर्मी डॉ. नवनीत चौहान हैं, जिनकी सधी हुई रंग-निर्देशन कला दर्शकों को गहराई से प्रभावित करेगी।
बैठक में बनी रणनीति
कार्यक्रम की तैयारी को लेकर समिति की बैठक भी हुई, जिसमें आयोजन को और अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने हेतु विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित सदस्यों में रेखा पतसारिया, हरीश चिमटी, राजीव सिंघल, नीरज अग्रवाल, चंद्र शेखर, दीपक जैन, राजीव कुलश्रेष्ठ, आदर्श नंदन गुप्ता, महेश धाकड़, चित्राक्ष शर्मा मून, क्वणित शर्मा केशु, अजय शर्मा, ब्रजेश शर्मा, अविनाश वर्मा, मानसी आदि शामिल रहे।
युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा
वरिष्ठ रंगकर्मी रेखा पतसारिया ने कहा कि यह आयोजन न केवल विनय पतसारिया को श्रद्धांजलि है, बल्कि युवा पीढ़ी को रंगमंच से जोड़ने और प्रेरित करने का भी प्रयास है। समिति ने कला एवं रंगमंच प्रेमियों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में शामिल होकर उत्कृष्ट नाट्य प्रस्तुति का आनंद लेने की अपील की है।