खेत में मिट्टी डालने को लेकर खूनी संघर्ष, ताबड़तोड़ फायरिंग, किशोरी की मौत, चार घायल

आगरा के निबोहरा क्षेत्र के गढ़ी धर्मजीत गांव में खेत में मिट्टी डालने को लेकर हुए विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। गोली लगने से पांच लोग घायल हुए, जिनमें एक किशोरी की इलाज के दौरान मौत हो गई। चार घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना पर एसीपी समेत पुलिस फोर्स गांव पहुंचा, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।

Oct 4, 2026 - 19:33
 0
खेत में मिट्टी डालने को लेकर खूनी संघर्ष, ताबड़तोड़ फायरिंग, किशोरी की मौत, चार घायल
घटना के बारे में जानकारी देते ग्रामीण।

आगरा। थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव गढ़ी धर्मजीत में रविवार शाम खेत में मिट्टी डालने को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। कहासुनी के बाद एक पक्ष पर दूसरे पक्ष के लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करने का आरोप है। गोलियां चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से पांच लोग घायल हो गए। इनमें एक किशोरी की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, रविवार शाम करीब पांच बजे खेत में मिट्टी लगाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने विवाद बढ़ने से रोकने के लिए मना किया, लेकिन आरोप है कि भूपेंद्र और पुरुषोत्तम पुत्र रमेश ने दूसरे पक्ष से विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान दूसरे पक्ष की ओर से अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दी गईं। ताबड़तोड़ फायरिंग में हेमेन्द्र सिंह, जितेंद्र, ब्रजेश, हरेन्द्र और भावना गोली लगने से घायल हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर गांव में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।

घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान गोली लगने से घायल किशोरी ने दम तोड़ दिया। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, चार अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। उनकी हालत को लेकर चिकित्सकों की निगरानी में इलाज किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसीपी समेत थाना निबोहरा का पुलिस फोर्स गांव पहुंच गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। फायरिंग के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस के पहुंचने से पहले ही घटना में आरोपी बताए जा रहे लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। घटना के पीछे खेत में मिट्टी डालने को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फायरिंग में शामिल आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस घायलों के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। किशोरी की मौत के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।