भक्ति की पिच पर विराट-अनुष्काः अयोध्या में रामलला के समक्ष साधना जैसी सुबह

अयोध्या। टेस्ट क्रिकेट से विदाई के बाद विराट कोहली का जीवन जैसे एक नई दिशा की ओर मोड़ ले रहा है और वह दिशा है आध्यात्म की। रविवार की सुबह विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने रामलला के दर्शन कर मन की श्रद्धा अर्पित की।

May 25, 2025 - 13:39
May 25, 2025 - 21:40
 0
भक्ति की पिच पर विराट-अनुष्काः अयोध्या में रामलला के समक्ष साधना जैसी सुबह
रविवार की सुबह अयोध्या में रामलला के दर्शन करने के बाद हनुमानगढ़ी पहुंचे क्रिकेटर विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा।

-रामलला के दर पर श्रद्धा में लीन दिखा यह स्टार जोड़ा, हनुमानगढ़ी पहुंचकर की बजरंगबली की आराधना

सुबह ठीक 7 बजे  विराट और अनुष्का पारंपरिक भारतीय परिधान में राम मंदिर पहुंचे। यहां मंदिर के पुजारियों ने उन्हें रामनामी पटका पहनाकर  पूरे वैदिक रीति से स्वागत किया। दोनों ने गर्भगृह में प्रवेश कर रामलला के समक्ष मौन भाव से ध्यान लगाया और पूजा की।

रामलला के दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर परिसर की भव्य नक्काशी और निर्माण शैली को देखा-समझा और तीर्थ क्षेत्र से जुड़ी जानकारियां लीं। मंदिर के एक सेवायत ने बताया कि, विराट जी पूरे मन से दर्शन कर रहे थे, उनकी आँखों में श्रद्धा झलक रही थी।

इसके बाद दोनों सीधे हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने बजरंगबली की आराधना की। यहां भी पुजारियों ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। हनुमानगढ़ी में यह जोड़ा करीब 15 मिनट तक रुका, पूजा अर्चना की और मंदिर परिसर में शांति से बैठे।

पूरे दौरे को अत्यंत गोपनीय रखा गया। न मीडिया को भनक लगी, न स्थानीय श्रद्धालुओं को। यह यात्रा केवल दर्शन, श्रद्धा और आत्मिक शांति के लिए थी। पूरी तरह निजी, पूरी तरह भक्तिभाव से ओतप्रोत।

अनुष्का शर्मा और विराट कोहली ने अपने बीते वृंदावन प्रवास में भी संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा रूपी संवाद किया था। अब अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन यह संकेत दे रहे हैं कि कोहली का मन अब मैदान के साथ ही मंदिर की ओर भी झुक रहा है। धार्मिक आस्था और जीवन की स्थिरता के इस संगम में विराट और अनुष्का एक नई कथा रच रहे हैं, जहां प्रसिद्धि मौन है और भक्ति मुखर।

 

SP_Singh AURGURU Editor