विराट का आखिरी सलाम: टेस्ट क्रिकेट को कहा अलविदा, एक युग का हुआ अंत

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के इतिहास में सोमवार का दिन एक भावनात्मक मोड़ लेकर आया। रोहित शर्मा के बाद  अब विराट कोहली ने भी टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। कोहली ने यह घोषणा इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए की, जिसमें उन्होंने कहा- ‘मैंने क्रिकेट और टीम को अपना बेस्ट दिया। टेस्ट क्रिकेट ने मुझे बहुत कुछ सिखाया, इस सफर को हमेशा खुशी से याद रखूंगा।‘

May 12, 2025 - 12:18
 0
विराट का आखिरी सलाम: टेस्ट क्रिकेट को कहा अलविदा, एक युग का हुआ अंत

-टेस्ट क्रिकेट ने मुझे गढ़ा है और सफेद जर्सी मेरी पहचान थी, अब वक्त है नई पीढ़ी का

-विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर फैंस स्तब्ध, हुए भावुक

123 मैचों में 9230 रन और 30 शतक

कोहली ने 123 टेस्ट मैचों में 9230 रन बनाए, जिसमें 30 शतक शामिल हैं। यह फैसला उन्होंने इंग्लैंड सीरीज से पहले लिया, जिसे लेकर पहले से अटकलें चल रही थीं कि वह टेस्ट क्रिकेट से हटने पर विचार कर रहे हैं। उनके इस फैसले से फैंस स्तब्ध और भावुक हैं।

संन्यास की घोषणा के वक्त विराट ने कहा

‘हर बार जब मैंने सफेद जर्सी पहनी, दिल में गर्व और जिम्मेदारी दोनों महसूस हुई। टेस्ट क्रिकेट ने मुझे एक खिलाड़ी से कहीं ज्यादा एक इंसान बनाया। मैदान पर हर पल मैंने जुनून और ईमानदारी से जिया। अब वक्त है एक नई शुरुआत का, लेकिन यह सफर हमेशा मेरे दिल में रहेगा।‘

नये सितारे चमकें, यही मेरी शुभकामना

इस बीच यह चर्चा भी तेज़ है कि टीम के अंदर का माहौल बीते समय से सहज नहीं था और यही कोहली के इस निर्णय की एक वजह हो सकती है। हालांकि कोहली ने अपने बयान में इन पहलुओं का जिक्र नहीं किया, पर उन्होंने यह जरूर कहा, ‘हर खिलाड़ी का समय आता है, मेरा टेस्ट क्रिकेट में योगदान अब पूरा हुआ। अब नए सितारे चमकें, यही मेरी शुभकामना है।‘

रोहित भी ले चुके हैं संन्यास

रोहित शर्मा पहले ही टेस्ट क्रिकेट से विदा ले चुके हैं। अब विराट कोहली के जाने से यह साफ है कि भारतीय टेस्ट क्रिकेट के एक स्वर्णिम युग का अंत हो गया।

SP_Singh AURGURU Editor