मोती कटरा में गूंजा ‘सनातन एकता’ का स्वर, विराट हिंदू सम्मेलन में संगठित होने का आह्वान

मोती कटरा स्थित यादव सेवा सदन में सनातन सेवा समिति द्वारा विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए। वक्ताओं ने सामाजिक एकता, सांस्कृतिक जागरण और नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने पर जोर दिया। कार्यक्रम में छात्राओं को नाट्य प्रस्तुति के लिए सम्मानित किया गया और समाज को संगठित रखने का संकल्प लिया गया।

Feb 16, 2026 - 21:50
 0
मोती कटरा में गूंजा ‘सनातन एकता’ का स्वर, विराट हिंदू सम्मेलन में संगठित होने का आह्वान
मोतीकटरा में आयोजित हिन्दू सम्मेलन के मंच पर मौजूद वक्ता।

सनातन सेवा समिति के बैनर तले यादव सेवा सदन में जुटे सैकड़ों लोग, वक्ताओं ने संस्कार, संगठन और सांस्कृतिक जागरण पर दिया जोर

आगरा। मोती कटरा स्थित यादव सेवा सदन में सनातन सेवा समिति की ओर से आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन में क्षेत्र के सैकड़ों लोग एकत्रित हुए। सम्मेलन का शुभारंभ सराफा स्वर्णकार व्यवसायिक कमेटी के अध्यक्ष डॉ. धीरज वर्मा द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित आरएसएस के विभाग कार्यवाहक सुनील दीक्षित ने कहा कि सनातन परंपराएं समाज को जोड़ने का कार्य करती हैं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपने संस्कारों और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जब समाज संगठित होगा तो जात-पात की दीवारें स्वतः कमजोर होंगी और समानता का भाव विकसित होगा। महर्षि दयानंद के स्वप्न के अनुरूप राष्ट्र निर्माण के लिए सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करना जरूरी है। 

मुख्य अतिथि साध्वी अंजलि किशोरी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं को सशक्त बनाए रखने के लिए जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को अपनी जड़ों और संस्कृति से परिचित कराने पर बल दिया। शिक्षा, संस्कार और सेवा कार्यों में युवाओं की सक्रिय भूमिका को उन्होंने अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम संयोजक सहदेव वर्मा और बॉबी लाले ने बताया कि सम्मेलन में उपस्थित लोगों ने जाति और वर्ग से ऊपर उठकर समाज को एकजुट रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की बालिकाओं द्वारा सामाजिक विषय पर प्रस्तुत नाट्य कार्यक्रम को सराहा गया और उन्हें नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन कोषाध्यक्ष नवीन प्रजापति ने किया, जबकि अध्यक्ष मनोहारी लाल धाकड़ ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर पार्षद मुन्ना सिंह प्रजापति, राजवीर सिंह धाकड़, राजू कुशवाह, प्रेम सिंह धाकड़, पंकज बंसल, राजकुमार शर्मा, लाखन यादव, महेंद्र भाटी, दीपक गोयल, अशोक झा, विक्की धाकड़, रानी माहौर, सरदार जसबीर सिंह आदि उपस्थित रहे। सम्मेलन में वक्ताओं ने सामाजिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण और राष्ट्रहित में संगठित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।