आगरा में दस हजार शिक्षकों के मतदाता आवेदन पत्र निरस्त, शिक्षक विधायक ने उठाये सवाल, चेतावनी

आगरा। लोकतंत्र में हर नागरिक का वोट पवित्र अधिकार है, लेकिन आगरा के वित्त-विहीन विद्यालयों के हजारों शिक्षक इस अधिकार से वंचित किए जा रहे हैं। यह गंभीर आरोप शिक्षक-विधायक डॉ. आकाश अग्रवाल ने मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह को दिए गए ज्ञापन के दौरान लगाया। उन्होंने कहा कि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची बनाने में भारी अनियमितताएं हो रही हैं, जिसके कारण हजारों शिक्षकों का नाम वोटर लिस्ट से गायब हो सकता है।

Nov 17, 2025 - 14:08
 0
आगरा में दस हजार शिक्षकों के मतदाता आवेदन पत्र निरस्त, शिक्षक विधायक ने उठाये सवाल, चेतावनी
मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह को ज्ञापन देते शिक्षक विधायक आकाश अग्रवाल और अन्य।

सोमवार को वित्त-विहीन विद्यालयों के प्रबंधकों व प्रतिनिधियों के साथ शिक्षक-विधायक डॉ. आकाश अग्रवाल मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) आगरा की लापरवाही के कारण लगभग 10,000 से अधिक शिक्षकों के मतदाता के आवेदन फार्म निरस्त किए जा चुके हैं, जबकि इन फॉर्मों में आवश्यक प्रमाणपत्र और विवरण मौजूद थे।

डॉ. अग्रवाल ने बताया कि एटा, इटावा, अलीगढ़ समेत अन्य जिलों में भारत निर्वाचन आयोग की नियमावली के अनुसार मतदाताओं के फॉर्म स्वीकार किए जा रहे हैं, लेकिन आगरा में नियमों को ताक पर रखकर मनमानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि “जब 12 जिलों के लिए एक ही निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी हैं तो आगरा में एक अलग मापदंड क्यों?”

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 2-4 दिनों के अंदर इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। मौके पर मौजूद शिक्षक प्रतिनिधियों ने कहा कि वे न सिर्फ वोटर सूची में शामिल होना चाहते हैं बल्कि लोकतंत्र की आवाज़ बनकर अपनी पहचान भी बनाए रखना चाहते हैं।

मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने शिक्षक प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि आवेदन पत्रों की जांच अंतिम चरण में है और ज्ञापन का परीक्षण करवाकर निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान शिक्षकों की ओर से प्रमुख रूप से राजेंद्र सिंह विष्ट, राजेश अरेला, संदीप मुखरैया, सुरेंद्र सक्सेना, अरविंद कटारा, निसार अहमद, वीके सिंह, अजय यादव, जावेद खान, विशेष वर्मा, संदीप उपाध्याय, सचिन शर्मा, मनोज यादव, पवन शर्मा और रामवीर फौजदार आदि मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor