वृंदावन में खुला कैंसर इलाज का नया द्वार: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया ऑन्कोलॉजी ब्लॉक का लोकार्पण

मथुरा। पवित्र वृंदावन धाम में स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई देते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम चैरिटेबल अस्पताल में अत्याधुनिक ‘नंद किशोर सोमानी ऑन्कोलॉजी ब्लॉक’ का भव्य उद्घाटन किया। इस ऐतिहासिक पहल से अब वृंदावन और आसपास के क्षेत्रों के कैंसर मरीजों को सही, सुरक्षित और प्रभावी उपचार स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगा। इससे पूर्व राज्यपाल परिक्रमा मार्ग स्थित नीव करौरी बाबा के आश्रम में भी पहुंचीं।

Mar 20, 2026 - 18:48
 0
वृंदावन में खुला कैंसर इलाज का नया द्वार: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया ऑन्कोलॉजी ब्लॉक का लोकार्पण
वृंदावन में रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम चैरिटेबल अस्पताल में अत्याधुनिक ‘नंद किशोर सोमानी ऑन्कोलॉजी ब्लॉक’ के उद्घाटन समारोह में मंच पर मौजूद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, यूपी के कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह।

नीव करौरी बाबा आश्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल।

राज्यपाल और संतों की मौजूदगी में हुआ भव्य स्वागत

कार्यक्रम में आनंदीबेन पटेल की भी उपस्थिति रही। राष्ट्रपति का स्वागत स्वामी विमलात्मानंद महाराज, स्वामी सुप्रकाशानंद महाराज एवं स्वामी कालीकृष्णानंद महाराज ने पुष्पगुच्छ देकर किया।
उद्घाटन के बाद राष्ट्रपति और राज्यपाल ने रामकृष्ण परमहंस, शारदा देवी एवं स्वामी विवेकानन्द के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ

सभागार में आयोजित मुख्य समारोह में राष्ट्रपति, राज्यपाल, गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह, स्वामी विमलात्मानंद महाराज एवं एचडीएफसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नवनीत मुनोट ने दीप प्रज्ज्वलित किया।

राष्ट्रपति बोलीं- यह सिर्फ भवन नहीं, आशा का द्वार

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने संबोधन में कहा कि वृंदावन की पावन भूमि आध्यात्मिकता और करुणा का केंद्र है। उन्होंने कहा कि यह ऑन्कोलॉजी ब्लॉक केवल एक भवन नहीं, बल्कि उन हजारों मरीजों के लिए आशा का नया द्वार है, जिन्हें समय पर उपचार की आवश्यकता होती है।
उन्होंने कहा कि कैंसर आज सबसे गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों में से एक है, और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से समय पर पहचान और उपचार जीवन बचाने में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।

रामकृष्ण मिशन सेवा और आध्यात्मिकता का संगम

राष्ट्रपति ने कहा कि रामकृष्ण मिशन पिछले 118 वर्षों से सेवा, करुणा और निष्ठा के साथ मानवता की सेवा कर रहा है। यह संस्था आध्यात्मिक चेतना और मानवीय सेवा का सशक्त उदाहरण है, जहां किसी भी मरीज को धन के अभाव में उपचार से वंचित नहीं किया जाता।

आयुष्मान भारत से मिल रही मजबूती

राष्ट्रपति ने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से करोड़ों लोगों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं, जिसमें कैंसर उपचार भी शामिल है। साथ ही आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन से स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और पहुंच बढ़ रही है।

राज्यपाल बोलीं- ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ का साकार रूप

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ के सिद्धांत को रामकृष्ण मिशन ने साकार किया है। एक छोटे सेवा केंद्र से 400 बेड के मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल तक का सफर सेवा के विस्तार का प्रतीक है।

118 वर्षों की सेवा, अब अत्याधुनिक कैंसर उपचार सुविधा

स्वामी कालीकृष्णानंद महाराज ने बताया कि यह अस्पताल पिछले 118 वर्षों से गरीब और जरूरतमंदों को चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रहा है। वर्ष 2017 में ऑन्कोलॉजी विभाग की स्थापना के बाद अब इस नए ब्लॉक के जरिए रेडियोथेरेपी सहित संपूर्ण कैंसर उपचार की अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

अत्याधुनिक तकनीक से लैस है नया ब्लॉक

तीन मंजिला ‘नंद किशोर सोमानी ऑन्कोलॉजी ब्लॉक’ में ट्रूबीम विद हाइपरआर्क, हैल्सियन विद हाइपरसाइट, ब्रैकीथेरेपी, रेडियोथेरेपी सीटी सिम्युलेटर, कीमोथेरेपी डे-केयर यूनिट, ट्यूमर बोर्ड हॉल, मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर सहित कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो मरीजों को विश्वस्तरीय उपचार प्रदान करेंगी।

यह पहल न केवल मथुरा-वृंदावन क्षेत्र के लिए, बल्कि पूरे ब्रज क्षेत्र के कैंसर मरीजों के लिए राहत का बड़ा केंद्र बनेगी, जहां किफायती दरों पर उच्च स्तरीय उपचार उपलब्ध होगा।

SP_Singh AURGURU Editor